० केएलपी कॉलेज में अंतरराष्ट्रीय नशा मुक्ति दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम, युवाओं को दी नशे से दूर रहने की सीख

धनेश विद्यार्थी ,रेवाड़ी। अंतरराष्ट्रीय नशा मुक्ति दिवस के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे ‘नशा मुक्त रेवाड़ी पखवाड़ा’ के तहत बुधवार को स्थानीय केएलपी कॉलेज में जिला पुलिस प्रशासन द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में साउथ रेंज रेवाड़ी के आईजी Om Prakash Narwal मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और युवाओं को नशे से दूर रहकर शिक्षा एवं खेलों की ओर बढ़ने का संदेश दिया।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। इस दौरान सभी को “जिंदगी को हां, नशे को ना” की शपथ दिलाई गई।

नशा तस्करों को दी कड़ी चेतावनी

आईजी ओमप्रकाश नरवाल ने कहा कि नशा आज समाज के लिए गंभीर चुनौती बन चुका है और इसे खत्म करने के लिए हर वर्ग को आगे आना होगा। उन्होंने कहा कि नशा बेचने वालों की जगह समाज में नहीं, बल्कि जेल की सलाखों के पीछे है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे बिना किसी भय के नशा तस्करों की सूचना पुलिस को दें ताकि उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।

उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि अपनी ऊर्जा को शिक्षा, खेल और सकारात्मक गतिविधियों में लगाएं तथा अपने माता-पिता के सपनों को साकार करें। साथ ही उन्होंने बेटियों की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ और बेटी खिलाओ” का संदेश भी दिया।

एक वर्ष में 2 लाख से अधिक लोगों को किया जागरूक

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक Hemendra Kumar Meena ने बताया कि जिला पुलिस द्वारा चलाए जा रहे नशा मुक्ति अभियान के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। पिछले एक वर्ष में करीब 525 जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से 2 लाख से अधिक लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया है। वहीं 90 से अधिक नशा पीड़ितों का उपचार कर उन्हें सामान्य जीवन की मुख्यधारा में वापस लाने का प्रयास किया गया।

‘जीरो टॉलरेंस’ नीति पर पुलिस का जोर

एसपी मीणा ने कहा कि रेवाड़ी पुलिस नशे के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत पूरी प्रतिबद्धता से काम कर रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि नशे की बिक्री, सप्लाई या सेवन से जुड़ी किसी भी जानकारी की सूचना MANAS हेल्पलाइन 1933 या डायल 112 पर दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

उत्कृष्ट कार्य करने वालों का सम्मान

कार्यक्रम के समापन पर आईजी ओमप्रकाश नरवाल और एसपी हेमेंद्र कुमार मीणा ने नशा मुक्ति अभियान में उत्कृष्ट योगदान देने वाले पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों, पुनर्वास केंद्रों की टीमों तथा सक्रिय विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।

पुलिस अधिकारियों ने जिलेवासियों से आह्वान किया कि वे नशा मुक्त, स्वस्थ और सुरक्षित समाज के निर्माण के लिए इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं।