गुलशन कुमार,नांगल चौधरी। हरियाणा सरकार की “समाधान शिविर” पहल आमजन के लिए राहत का माध्यम साबित हो रही है। इसी क्रम में नांगल चौधरी उपमंडल कार्यालय में आयोजित समाधान शिविर में एसडीएम उदय सिंह ने नागरिकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर ही समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

शिविर के दौरान दो मौखिक और चार लिखित शिकायतें प्राप्त हुईं। एसडीएम उदय सिंह ने बताया कि अधिकांश शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द सुलझाने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं का समाधान एक ही स्थान पर और कम समय में उपलब्ध कराना है। समाधान शिविरों में विभिन्न विभागों के अधिकारी एक ही छत के नीचे मौजूद रहते हैं, जिससे लोगों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते और समय व संसाधनों की बचत होती है।

शिविर में पहुंचे लोगों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि पहले छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए कई विभागों के चक्कर लगाने पड़ते थे, लेकिन अब एक ही स्थान पर अधिकारियों से मिलकर शिकायतों का त्वरित निपटारा हो रहा है।

प्रशासन का मानना है कि समाधान शिविर प्रशासन और आमजन के बीच संवाद को मजबूत करने के साथ-साथ शिकायतों के प्रभावी और समयबद्ध निस्तारण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।