Sonam Wangchuk Video Message After Ends Hunger Strike: सोनम वांगचुक ने अनशन तोड़ दिया है। सोनम वांगचुक ने 26 दिन बाद भूख हड़ताल खत्म की। गुरुवार रात 12.30 बजे जेपी नड्डा (JP Nadda) मेदांता हॉस्पिटल पहुंचे। नड्डा ने वांगचुक को जूस पिलाकर उनका अनशन खत्म कराया। अनशन तोड़ने के बाद सोनम वांगचुक ने वीडियो संदेश जारी किया है। उन्होंने कहा कि सरकार और विभिन्न राजनीतिक दलों के सांसदों से लिखित आश्वासन मिलने के बाद उन्होंने अनशन तोड़ने का फैसला लिया है। सरकार ने संसद में परीक्षा सुधार पर चर्चा, प्रदर्शनकारियों पर मामले दर्ज नहीं करने और NEET पेपर लीक से जुड़े आत्महत्या पीड़ितों के परिवारों के लिए मुआवजे पर सकारात्मक विचार का भरोसा दिया है।
सोनम वांगचुक ने सोशल मीडिया एक्स पर वीडियो संदेश जारी करते हुए कहा कि भूख का अंत… जवाबदेही की शुरुआत…! सरकार और सभी राजनीतिक पार्टियों के सांसदों से भरोसा मिला कि फेल हो रहे एग्जामिनेशन सिस्टम में जवाबदेही के मुद्दे पर भारतीय संसद में चर्चा की जाएगी।
उन्होंने कहा कि पिछले दो दिन से सरकार के साथ इस बात को लेकर सख्त बातचीत चल रही थी. उनकी मांग थी कि उन्हें आश्वासन लिखित रूप में चाहिए। इसी वजह से फैसला होने में दो दिन का समय और लगा और उन्हें दो दिन और भूख हड़ताल पर बैठना पड़ा। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ती तो वे और भी दिन बैठने को तैयार थे। आखिरकार आज सरकार ने लिखित आश्वासन दे दिया। उन्होंने आगे कहा कि उन्हें सरकार और सभी राजनीतिक पार्टियों के सांसदों से भरोसा मिला कि फेल हो रहे एग्जामिनेशन सिस्टम में जवाबदेही के मुद्दे पर भारतीय संसद में चर्चा की जाएगी। सरकार ने यह भी भरोसा दिया कि हाल ही में हुए NEET एग्जाम पेपर लीक में आत्महत्या करने वाले लोगों के परिवारों को पूरा मुआवजा दिया जाएगा और शांति से विरोध कर रहे छात्रों और युवाओं के खिलाफ कोई केस दर्ज नहीं किया जाएगा।
वांगचुक ने लद्दाख की एपेक्स बॉडी के उन सभी नेताओं का धन्यवाद किया जो लद्दाख से दिल्ली आए। उन्होंने उन सभी सांसदों का भी आभार जताया जो उनसे मिलने पहुंचे। उन्होंने कहा कि 26 दिन बाद उन्हें पहली बार कुछ खाने को मिला है और यह स्वाद बहुत अच्छा लग रहा है, लेकिन भूख का अपना कोई स्वाद नहीं होता।
बता दें कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह रात 12.30 बजे गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल पहुंचे। सोनम वांगचुक के साथ बैठक की। सोनम वांगचुक ने अपना और कॉकरोच जनता पार्टी की मांगों के बारे में बताया। सरकार की तरफ से आश्वासन मिलने के बाद वांगचुक ने अपना अनशन तोड़ा।
सोनम वांगचुक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि ‘अभी-अभी केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और डॉ. जितेंद्र सिंह व लेह-लद्दाख की ‘एपेक्स बॉडी’ के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में मैंने 26 दिनों के बाद अपना अनशन समाप्त किया। वागंचुक ने आगे बताया कि इससे पहले, अलग-अलग राजनीतिक दलों के 65 सांसदों ने मुझसे मिलकर या पत्र लिखकर अनशन तोड़ने का आग्रह किया था. यह कदम विभिन्न शर्तों पर लंबी बातचीत और देश में संभावित हिंसा को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है। मैं बहुत जल्द एक अलग वीडियो में इन शर्तों के बारे में विस्तार से बताऊंगा। इस बीच, मैं आप सभी से आग्रह करता हूं कि कहीं भी किसी भी तरह की हिंसा न होने देने को लेकर बहुत सतर्क रहें।
पीएम मोदी ने मेलोनी को Melody Toffee गिफ्ट दी, खुशी से झूम उठी इटली की प्रधानमंत्री
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


