दिल्ली के जंतर-मंतर पर पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुक्रवार (17 जुलाई) को 20वें दिन में प्रवेश कर गई। बिगड़ती सेहत के बावजूद वांगचुक ने समर्थकों से 20 जुलाई के ‘संसद चलो’ मार्च में बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की। इस बीच, उनके आंदोलन को समर्थन देने के लिए देश के कई प्रमुख नेता भी जंतर-मंतर पहुंचे। वांगचुक की हालत को लेकर चिंता बढ़ने के साथ यह आंदोलन अब अंतरराष्ट्रीय मीडिया का भी प्रमुख विषय बन गया है।

’20 जुलाई तक हर हाल में जिंदा रहूंगा’

समर्थकों को संबोधित करते हुए वांगचुक ने कहा, “मैं बाहर से कमजोर हूं, लेकिन अंदर से बहुत मजबूत हूं। हमें 20 जुलाई के लिए अपनी पूरी ऊर्जा बचाकर रखनी है। हम लोकतंत्र के मंदिर संसद तक शांतिपूर्ण मार्च निकालेंगे और अपनी बात रखेंगे।” उन्होंने हल्के अंदाज में कहा, “मैं किसी भी हाल में 20 जुलाई तक जिंदा रहूंगा। अगर आप नहीं आए और प्रदर्शन सफल नहीं हुआ, तो मैं भूत बनकर वापस आऊंगा।”

स्वास्थ्य पर बढ़ी चिंता, हाई कोर्ट ने दिए निगरानी के निर्देश

लगातार 20 दिनों से उपवास पर बैठे वांगचुक की सेहत को लेकर डॉक्टरों ने गंभीर चिंता जताई है। बताया जा रहा है कि उनका वजन काफी घट चुका है और शरीर बेहद कमजोर हो गया है। दिल्ली हाई कोर्ट ने भी उनके स्वास्थ्य पर नियमित निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं, जिससे आंदोलन के बीच उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

इंटरनेशनल मीडिया में आंदोलन की गूंज

सोनम वांगचुक के आंदोलन को लेकर The New York Times, Reuters, The Washington Post, Associated Press और पाकिस्तान के Dawn सहित कई अंतरराष्ट्रीय मीडिया संस्थानों ने प्रमुखता से रिपोर्ट प्रकाशित की है।

रिपोर्टों में वांगचुक की बिगड़ती सेहत, सरकार की ओर से अब तक औपचारिक प्रतिक्रिया नहीं आने, हाई कोर्ट के हस्तक्षेप और 20 जुलाई को प्रस्तावित ‘संसद चलो’ मार्च का उल्लेख किया गया है। कुछ रिपोर्टों में आंदोलन से जुड़े संगठनों के बयानों का भी हवाला दिया गया है, जिनमें वांगचुक की शारीरिक स्थिति को चिंताजनक बताया गया है।

20 जुलाई पर टिकीं सभी की नजरें

अब सभी की निगाहें 20 जुलाई पर हैं, जब जंतर-मंतर से संसद तक प्रस्तावित शांतिपूर्ण मार्च निकाला जाएगा। मानसून सत्र के दौरान होने वाला यह प्रदर्शन आंदोलन की दिशा और सरकार की संभावित प्रतिक्रिया के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m