केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच में एक बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी सिया गोयल और चेतन चौधरी ने केतन की हत्या के लिए एक सुपारी किलर से संपर्क किया था। हालांकि, केतन के बारे में पूरी जानकारी मिलने के बाद कथित सुपारी किलर इस वारदात से पीछे हट गया और सुपारी लेने से इनकार कर दिया।
जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपियों ने उस व्यक्ति को पुणे के एक होटल में बुलाकर मुलाकात की थी। पुलिस ने होटल का CCTV फुटेज भी जब्त कर लिया है, जिसे जांच का अहम साक्ष्य माना जा रहा है। अब पुलिस इसी व्यक्ति को अदालत में मुख्य गवाह के रूप में पेश करने की तैयारी कर रही है।
गिरफ्तारी से बचने के लिए देखे जापानी वीडियो
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तारी की आशंका को देखते हुए सिया और चेतन ने करीब दो घंटे लंबे जापानी वीडियो देखे थे। इन वीडियो में पुलिस पूछताछ के दौरान शांत रहने, चेहरे के हाव-भाव नियंत्रित रखने और सवालों के जवाब देने के तरीकों की जानकारी दी गई थी। जांच एजेंसियों को दोनों आरोपियों की वेब हिस्ट्री से इन वीडियो के लिंक भी मिले हैं।
400 फीट गहरी खाई में धक्का देने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, 18 जून को सिया गोयल और चेतन चौधरी ने केतन अग्रवाल को पुणे के लोहगढ़ किले ले जाकर कथित रूप से 400 फीट गहरी खाई में धक्का दे दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। दोनों आरोपी फिलहाल येरवडा जेल में न्यायिक हिरासत में हैं।
केतन के पिता ने रिश्ता कराने वालों की जांच की मांग की
केतन अग्रवाल के पिता विशाल अग्रवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि केतन और सिया का रिश्ता कराने वाले मित्तल परिवार ने लड़की की गारंटी दी थी और उसी भरोसे पर शादी तय की गई थी। उनका कहना है कि पूरे मामले में मित्तल परिवार की भूमिका की भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

