संजीव, सोनीपत, 17 सितंबर। मोहाना थाना क्षेत्र में कंस्ट्रक्शन साइट के पास पानी के गड्ढे में 6 साल की बच्ची का शव मिलने से हड़कंप मच गया। बच्ची रात में साइट के पास बनी झुग्गी से गायब हुई थी। परिजनों ने साइट पर काम करने वाले युवक सुमित पर बच्ची को ले जाने, हत्या करने और गलत काम किए जाने की आशंका जताई है। पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर बीएनएस की धारा 103 के तहत हत्या का केस दर्ज किया है। हालांकि, एसीपी देवेंद्र सिंह के मुताबिक प्राथमिक जांच में रेप जैसी घटना सामने नहीं आई है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी।

रात में गायब हुई थी बच्ची

पुलिस के अनुसार बच्ची का परिवार मोहाना थाना क्षेत्र में एक फैक्ट्री की कंस्ट्रक्शन साइट पर काम करता है। परिवार वहीं झुग्गी में रहता है। रात में बच्ची के गायब होने की सूचना पुलिस को मिली।

परिवार ने आसपास तलाश शुरू की। कंस्ट्रक्शन साइट से करीब 500 से 700 मीटर दूर पानी के गड्ढे में बच्ची का शव मिला।

परिजनों ने युवक पर जताया शक

परिजनों ने साइट पर मौजूद एक युवक पर बच्ची को ले जाने का शक जताया। उनका कहना है कि युवक उस समय नशे की हालत में था। पुलिस ने शक के आधार पर उसे हिरासत में लिया और पूछताछ शुरू की।

हिरासत में लिए गए युवक की पहचान सुमित के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक वह करनाल के बरसत का रहने वाला है और करीब तीन दिन पहले ही कंस्ट्रक्शन साइट पर काम करने आया था।

हाथ-पैर बंधे होने का परिजनों का दावा

परिजनों का आरोप है कि बच्ची के हाथ-पैर वायर से बंधे हुए थे। उसका मुंह पानी के गड्ढे में डूबा हुआ था। परिवार ने बच्ची के शरीर पर कपड़े नहीं होने की बात कहते हुए उसके साथ गलत काम किए जाने की आशंका जताई।

पुलिस इन आरोपों की जांच कर रही है। अभी तक इस आरोप की पुष्टि नहीं हुई है। एसीपी देवेंद्र सिंह के अनुसार शुरुआती जांच में रेप या गलत काम जैसी घटना सामने नहीं आई है।

प्राथमिक जांच में डूबने की बात

एसीपी देवेंद्र सिंह के अनुसार शुरुआती जांच में बच्ची की मौत पानी में डूबने से होने की बात सामने आ रही है। हालांकि, पुलिस ने मौत की अंतिम वजह की पुष्टि नहीं की है।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

परिवार मूल रूप से मध्य प्रदेश का

पुलिस के मुताबिक बच्ची का परिवार मूल रूप से मध्य प्रदेश का रहने वाला है। परिवार पिछले करीब दो साल से सोनीपत में अलग-अलग कंस्ट्रक्शन साइट पर मजदूरी कर रहा है। परिवार में दो बेटियां और एक बेटा हैं।

शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

सूचना मिलने के बाद रात में मोहाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची। सुबह अन्य पुलिस टीमें भी घटनास्थल पर पहुंचीं। बच्ची के शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

पुलिस हिरासत में लिए गए युवक से पूछताछ कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच से सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई होगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m