सोनीपत के जटवाड़ा क्षेत्र में शनिवार देर शाम एक 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला का शव उसके घर के बाथरूम से संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद किया गया है।

संजीव घनगस,सोनीपत। जटवाड़ा क्षेत्र में शनिवार देर शाम उस समय सनसनी फैल गई जब एक बुजुर्ग महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में उसके घर के बाथरूम से बरामद हुआ। मृतका की पहचान 65 वर्षीय संतोष के रूप में हुई है, जो जटवाड़ा स्थित गवर्नमेंट स्कूल के सामने वाली गली में अकेली रहती थी। महिला के दोनों हाथ और पैर चुन्नी से बंधे हुए थे, जबकि मुंह में कपड़ा ठूंसा गया था। घटनास्थल की स्थिति देखकर हत्या की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस और एफएसएल टीम तुरंत मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए।

घर का मुख्य गेट खुला मिला

पड़ोसियों के अनुसार, जब काफी देर तक महिला घर से बाहर दिखाई नहीं दी, तो आसपास के लोग हालचाल जानने के लिए उनके घर पहुंचे। इस दौरान घर के अंदर बाथरूम में महिला का शव पड़ा मिला, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस जांच में सामने आया कि वारदात के समय घर का मुख्य गेट खुला हुआ था और कमरे में एसी भी चलता मिला। वहीं महिला का मोबाइल फोन और अन्य सामान भी घर में ही सुरक्षित रखा मिला है। ऐसे में लूटपाट या पुरानी रंजिश के एंगल को ध्यान में रखकर पड़ताल की जा रही है।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

जानकारी के अनुसार, संतोष के पति पहलवान आनंद की करीब 10 से 12 साल पहले मौत हो चुकी थी। दंपती की कोई संतान नहीं थी, जिसके चलते उन्होंने एक बेटी को गोद लिया था और उसकी शादी के बाद से महिला घर में अकेली रह रही थी। इस वारदात से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है। स्थानीय थाना पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि घटना से पहले घर पर कौन आया था। पुलिस का कहना है कि शिकायत और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।