सोनीपत में बुजुर्ग महिलाओं को निशाना बनाने वाले ठगों का एक और मामला सामने आया है। पुरखास अड्डा निवासी 75 वर्षीय चंद्रो देवी को दो युवकों ने झांसे में लेकर उनके सोने के गहने और नकदी ठग ली। आरोपियों ने उन्हें नशीला पदार्थ सुंघाकर अपने प्रभाव में लिया और फिर सोने की अंगूठी व कानों के बाले उतरवा लिए। ठगी में करीब डेढ़ लाख रुपये के गहने और 5,500 रुपये की नकदी शामिल है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में दोनों संदिग्ध नजर आए हैं।

पेंशन निकालकर डाकघर जा रही थीं महिला

परिजनों के मुताबिक, बुधवार सुबह चंद्रो देवी को बाइक से गीता भवन स्थित एसबीआई बैंक के पास छोड़ा गया था। सुबह करीब 11 बजे उन्होंने अपने खाते से 3,200 रुपये की पेंशन निकाली। उनके पास पहले से 2,500 रुपये भी थे। इसके बाद वह कुल 5,500 रुपये लेकर पास के मुख्य डाकघर में पैसे जमा कराने पैदल जा रही थीं।

किराए के बहाने बातों में उलझाया

गीता भवन पार करने के बाद संजीवनी अल्ट्रासाउंड सेंटर के सामने दो युवकों ने उन्हें रोक लिया। आरोपियों ने नरेला जाने के लिए किराए के पैसे नहीं होने की बात कही और बदले में 500-500 रुपये के नोटों की गड्डी देने का लालच दिया। महिला ने पहले पैसे लेने से इनकार कर दिया, लेकिन दोनों युवक उन्हें लगातार बातों में उलझाते रहे।

कागज के नोटों की गड्डी से दिया धोखा

शिकायत के अनुसार, आरोपियों के पास कागज के टुकड़ों से तैयार एक गड्डी थी, जिसके ऊपर और नीचे असली 500 रुपये के नोट लगाए गए थे। इसे कपड़े में लपेटकर रखा गया था। आरोप है कि इसी दौरान एक युवक ने कपड़े में रखी गड्डी महिला की नाक के पास ले जाकर सुंघा दी। इसके बाद महिला की स्थिति सामान्य नहीं रही और आरोपी उन्हें मधु स्पोर्ट्स वाली गली में ले गए।

जबरन उतरवाए गहने, कंकड़ थमाकर हुए फरार

परिजनों की शिकायत के मुताबिक, सुबह करीब 11:19 बजे आरोपियों ने महिला की सोने की अंगूठी और कानों के बाले उतरवा लिए। महिला ने विरोध भी किया, लेकिन आरोपियों ने गहने अपने पास रख लिए। इसके बाद उन्होंने कागजों की गड्डी महिला को थमा दी। जब महिला ने अपने गहने वापस मांगे, तो आरोपियों ने सफेद कपड़े में दो कंकड़ बांधकर दे दिए और कहा कि गहने इसी में रखे हैं, घर जाकर खोलना।

करीब डेढ़ घंटे बाद महिला की स्थिति सामान्य हुई। घर पहुंचकर उन्होंने परिजनों को पूरी घटना बताई, जिसके बाद पुलिस को शिकायत दी गई।

CCTV फुटेज के आधार पर जांच में जुटी पुलिस

घटनास्थल के आसपास लगे कैमरों की फुटेज में दो संदिग्ध भागते दिखाई दिए हैं। जानकारी के अनुसार, आरोपियों ने एक पिकअप वाहन के पीछे महिला से गहने उतरवाए थे। सिविल लाइन थाना पुलिस फुटेज के आधार पर उनकी पहचान करने में जुटी है।

पहले भी सामने आ चुकी हैं ऐसी वारदातें

सोनीपत में बुजुर्ग महिलाओं को बातों में उलझाकर गहने ठगने की घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं। फरवरी 2026 में एक रिटायर्ड इंस्पेक्टर की पत्नी को निशाना बनाए जाने की घटना सामने आई थी। मार्च 2026 में राज मोहल्ला निवासी राजकुमारी के साथ भी इसी तरह की वारदात हुई थी। कच्चे क्वार्टर बाजार में भी महिला को बहाने से उलझाकर ठगी किए जाने की जानकारी सामने आई थी।

लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं से स्थानीय लोगों में चिंता है। पुलिस आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m