सोनीपत। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के बैनर तले सोमवार को हरियाणा के सोनीपत में किसानों ने गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल करने और शुगर मिल की समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर एक बड़ी ट्रैक्टर यात्रा निकाली। जाहरी चौक से शुरू होकर यह यात्रा कामी रोड, बस स्टैंड, गीता भवन और तिरंगा चौक से होते हुए मिनी सचिवालय पहुँची, जहां किसानों ने अपने ट्रैक्टर खड़े कर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है।

गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग

किसान नेता वीरेंद्र पहल ने बताया कि वर्तमान में गन्ने का भाव 415 रुपये प्रति क्विंटल है, जिसे बढ़ाकर 600 रुपये प्रति क्विंटल किया जाना चाहिए। किसानों का कहना है कि गन्ने के भाव में लंबे समय से अपेक्षित बढ़ोतरी नहीं हुई है, जिससे उन्हें आर्थिक परेशानी उठानी पड़ रही है। इस संबंध में दो बार पंचायतें हो चुकी हैं और सरकार को ज्ञापन भी सौंपा जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस संज्ञान नहीं लिया गया है।

शुगर मिल का टेंडर और अधिकारियों पर भ्रष्टाचार के आरोप

किसानों ने सोनीपत शुगर मिल का टेंडर समय पर पूरा न होने का गंभीर मुद्दा उठाया है। उनका आरोप है कि टेंडर प्रक्रिया पूरी न होने के कारण हर साल गन्ने की फसल प्रभावित होती है और कोई भी कंपनी टेंडर लेने के लिए आगे नहीं आ रही है। किसान नेताओं ने इसके लिए अधिकारियों के स्तर पर भ्रष्टाचार को जिम्मेदार ठहराया है और सरकार से इस पर तुरंत कार्रवाई की मांग की है।

ट्रैक्टर यात्रा से शहर में लगा जाम

किसानों की इस ट्रैक्टर यात्रा के कारण शहर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित हुआ। यात्रा के रूट पर आने वाले कामी रोड, बस स्टैंड, गीता भवन और तिरंगा चौक के आसपास वाहनों की आवाजाही पर असर पड़ा और कई जगहों पर जाम की स्थिति बन गई। किसानों ने साफ कर दिया है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक मिनी सचिवालय के सामने उनका धरना जारी रहेगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m