सोनीपत। हरियाणा के सोनीपत स्थित गांव गढ़ी ब्राह्मणा में 9 अक्टूबर 2026 की दोपहर दिनदहाड़े चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है. चोरों ने एक बंद मकान के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अलमारी में रखे 20 तोले सोने के जेवरात और 7.50 लाख रुपये कैश पर हाथ साफ कर दिया. पीड़ित परिवार के अनुसार, चोरी हुए गहनों और नकदी की कुल कीमत करीब 37 लाख 50 हजार रुपये है. सूचना मिलने पर थाना शहर सोनीपत पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

बाजार गया था परिवार, पौने दो घंटे में उड़े 37.50 लाख

पीड़ित विक्रम सिंह बंटी ने बताया कि 9 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब 3:30 बजे वह परिवार के सदस्यों के साथ किसी काम से बाजार गए थे. शाम करीब 5:15 बजे जब वह पत्नी के साथ घर वापस लौटे, तो मकान के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला. जब उन्होंने घर के अंदर जाकर देखा, तो अलमारियों के ताले टूटे थे और उनमें रखी पूरी नकदी और सोने के जेवर गायब थे.

बेटों की शादी के लिए जमा किए थे गहने और रुपये

पीड़ित के अनुसार, चोरी हुए सामान में सोने के तीन जोड़ी कड़े, दो जोड़ी मंगलसूत्र, छह सोने की अंगूठियां और तीन सोने की चेन शामिल हैं, जिनकी कुल मात्रा लगभग 20 तोले है. इसके अलावा अलमारी में रखे 7.50 लाख रुपये कैश भी चोर ले उड़े. यह पूरा सामान और रकम विक्रम सिंह ने अपने दो बेटों, परमजीत और हेमंत की आने वाली शादी की तैयारियों के लिए जोड़कर रखी थी. इस चोरी से परिवार पर बड़ा आर्थिक संकट आ पड़ा है.

फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट्स की टीम बुलाई गई, एफआईआर दर्ज

घटना का पता चलते ही पीड़ित ने तुरंत डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी. पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और साक्ष्य जुटाने के लिए फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों की टीम को भी बुलाया. थाना शहर सोनीपत पुलिस ने 9 अक्टूबर 2026 को शिकायत के आधार पर एफआईआर नंबर 293 दर्ज कर लिया है. पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305(A) और 331(3) के तहत केस दर्ज कर अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दी है.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m