सोनीपत में केंद्र सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए 20 जून तक विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। एडीसी अजय चोपड़ा ने विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

संजीव घनगस, सोनीपत। केंद्र सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से सोनीपत में 20 जून तक विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) अजय चोपड़ा ने लघु सचिवालय में आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकार की नीतियों का समयबद्ध और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की पहली प्राथमिकता है। सभी विभागों को आपसी तालमेल बनाकर काम करना होगा, ताकि तय समय सीमा के भीतर सभी तैयारियां पूरी की जा सकें। एडीसी ने स्पष्ट किया कि कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही या ढिलाई कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इन गतिविधियों के जरिए होगा प्रचार

अभियान के दौरान जिले भर में कई महत्वपूर्ण गतिविधियों का आयोजन होगा। इनमें वृक्षारोपण और स्वच्छता अभियान के साथ-साथ विकसित भारत संकल्प सम्मेलन और जनकल्याण शिविर शामिल हैं। इसके अलावा प्रशासन द्वारा प्रदर्शनियों, रोजगार मेलों और पशु मेलों का आयोजन भी किया जाएगा, जिनमें किसानों, युवाओं और सामाजिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। एडीसी ने कहा कि यह अभियान केवल उपलब्धियों के प्रचार-प्रसार तक ही सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसका मुख्य ध्येय आम नागरिकों को सरकारी योजनाओं से सीधा जोड़ना और पात्र लाभार्थियों को उनका हक दिलाना है। अधिकारियों को नियमित रूप से कार्यक्रमों की मॉनिटरिंग करने और प्रगति रिपोर्ट सौंपने के लिए भी निर्देशित किया गया है।

योजनाओं का लाभ पहुंचाना मुख्य उद्देश्य

जनकल्याण शिविरों के माध्यम से आयुष्मान भारत, पीएम सूर्य घर योजना, स्वनिधि योजना और लखपति दीदी योजना जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा। विशेष रोजगार मेलों का लक्ष्य युवाओं को कौशल विकास और रोजगार के नए अवसर प्रदान करना है। बैठक में नगर निगम की संयुक्त आयुक्त मीतू धनखड़, नगराधीश सिमरन, एसीपी अमित धनखड़ और रोडवेज जीएम संजय कुमार सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। एडीसी अजय चोपड़ा ने सभी अधिकारियों को आह्वान किया कि वे अपनी पूरी जिम्मेदारी के साथ इस अभियान को सफल बनाएं ताकि सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों का लाभ सोनीपत के हर जरूरतमंद नागरिक तक सुगमता से पहुंच सके और विकास की गति निरंतर बनी रहे।