सोनीपत में महानगरीय विकास प्राधिकरण (SMDA) द्वारा सुरक्षा और यातायात प्रबंधन को मजबूत करने के लिए एकीकृत कमांड एवं नियंत्रण केंद्र स्थापित किया जाएगा। पुलिस आयुक्त ममता सिंह, SMDA CEO ए मोना श्रीनिवासन और निगम आयुक्त हर्षित कुमार की संयुक्त बैठक में इसकी कार्ययोजना तैयार की गई।
संजीव घनगस, सोनीपत। सोनीपत को सुरक्षित, स्मार्ट और तकनीक आधारित शहर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए सोनीपत महानगरीय विकास प्राधिकरण (SMDA) द्वारा एकीकृत कमांड एवं नियंत्रण केंद्र (Integrated Command and Control Centre-ICCC) की स्थापना की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।
इस महत्वाकांक्षी परियोजना के सफल क्रियान्वयन को लेकर बुधवार को पुलिस आयुक्त कार्यालय में पुलिस आयुक्त ममता सिंह, मुख्य कार्यकारी अधिकारी (एसएमडीए) ए मोना श्रीनिवासन, नगर निगम आयुक्त हर्षित कुमार तथा एसएमडीए की अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी वीना हुड्डा की संयुक्त समन्वय बैठक आयोजित की गई।
सुरक्षा और यातायात प्रबंधन मजबूत
बैठक में आईसीसीसी की कार्ययोजना, तकनीकी आवश्यकताओं, निगरानी तंत्र तथा विभिन्न विभागों के समन्वय पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। अधिकारियों ने कहा कि यह परियोजना शहर में सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, कानून-व्यवस्था, आपदा प्रबंधन तथा नागरिक सेवाओं को आधुनिक तकनीक के माध्यम से और अधिक प्रभावी बनाएगी।

बैठक में निर्णय लिया गया कि शहर के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों पर अत्याधुनिक सीसीटीवी एवं एआई आधारित निगरानी कैमरे स्थापित किए जाएंगे। साथ ही विशेषज्ञों की टीम द्वारा अतिरिक्त रणनीतिक स्थानों का सर्वे कर कैमरों की संख्या एवं स्थान का अंतिम निर्धारण किया जाएगा।
प्रमुख राजमार्गों पर स्मार्ट नेटवर्क
प्रस्तावित निगरानी नेटवर्क के तहत जी.टी. रोड (एनएच-44), कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेसवे, राष्ट्रीय राजमार्ग-334बी तथा ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे सहित शहर के सभी प्रमुख प्रवेश एवं निकास मार्गों को आधुनिक कैमरा नेटवर्क से जोड़ा जाएगा, जिससे वाहनों की आवाजाही पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके।
इसके अतिरिक्त शहर के अपराध संभावित क्षेत्रों, प्रमुख चौराहों, भीड़-भाड़ वाले स्थानों, जुलूस मार्गों, ट्रैफिक जाम वाले क्षेत्रों, रेलवे स्टेशन, बस अड्डों, मुख्य बाजारों, पर्यटन स्थलों, विद्यालयों, राजकीय महाविद्यालयों, सरकारी अस्पतालों, यातायात जंक्शनों, प्रशासनिक कार्यालयों तथा अन्य महत्वपूर्ण सरकारी परिसंपत्तियों को भी इस हाईटेक निगरानी प्रणाली के दायरे में लाया जाएगा।
संयुक्त निरीक्षण कर बनेगी रूपरेखा
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि एसएमडीए, पुलिस विभाग एवं नगर निगम संयुक्त रूप से विभिन्न स्थलों का निरीक्षण (Site Assessment) करेंगे। इसके अलावा तकनीकी विशेषज्ञों के साथ परामर्श कर परियोजना के क्रियान्वयन की विस्तृत रूपरेखा को अंतिम रूप देंगे, ताकि एकीकृत कमांड एवं नियंत्रण केंद्र का निर्माण समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से पूरा किया जा सके।
इस परियोजना के लागू होने के बाद शहर में अपराधों की रोकथाम, ट्रैफिक प्रबंधन, आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई तथा नागरिक सुरक्षा व्यवस्था को अत्याधुनिक तकनीकी आधार मिलेगा। साथ ही विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होने से शहरी प्रशासन और अधिक प्रभावी एवं उत्तरदायी बन सकेगा।
बैठक में पुलिस विभाग, एसएमडीए, नगर निगम तथा संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।


