सोनीपत, 16 सितंबर। सोनीपत महानगर विकास प्राधिकरण (एसएमडीए) ने नियंत्रित क्षेत्र में अवैध कॉलोनियों और निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। बुधवार को गांव भुरी की राजस्व संपदा में करीब 0.1 एकड़ क्षेत्र में बनी 170 मीटर लंबी अवैध चारदीवारी और एक अन्य अवैध निर्माण को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया।
नियंत्रित क्षेत्र में कार्रवाई
यह कार्रवाई उपायुक्त नेहा सिंह के निर्देश पर नियंत्रित क्षेत्र अधिनियम के तहत की गई। प्रशासन का कहना है कि नियंत्रित क्षेत्र में विकसित हो रही अवैध कॉलोनियों और निर्माणों को शुरुआती स्तर पर ही हटाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
बुधवार की कार्रवाई के दौरान जिला नगर योजनाकार कार्यालय की टीम, इंफोर्समेंट स्टाफ, ड्यूटी मजिस्ट्रेट धर्मेन्द्र राठी, लोक निर्माण विभाग के उपमंडल अभियंता और पुलिस बल मौजूद रहा।
अवैध कॉलोनियों पर आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई
जिला नगर योजनाकार (डीटीपी) नीलम शर्मा ने कहा कि एसएमडीए की ओर से अवैध कॉलोनियों और निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य अवैध कॉलोनियां विकसित करने और उनमें निर्माण करने की कोशिशों को शुरुआती चरण में ही रोकना है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि वे भू-माफियाओं के झांसे में आकर अवैध कॉलोनियों में प्लॉट न खरीदें। उन्होंने कहा कि ऐसी कॉलोनियों में सरकार की ओर से जरूरी सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई जातीं, जिससे लोगों की मेहनत की कमाई प्रभावित हो सकती है।
बिना अनुमति निर्माण किया तो होगी कार्रवाई
डीटीपी नीलम शर्मा ने बताया कि नियंत्रित क्षेत्र में किसी भी तरह का निर्माण शुरू करने से पहले सीईओ, एसएमडीए से अनुमति लेना जरूरी है। बिना अनुमति किए गए निर्माण या विकसित की गई अवैध कॉलोनी को नियंत्रित क्षेत्र अधिनियम के प्रावधानों के तहत कभी भी ध्वस्त किया जा सकता है।
नियमों की जानकारी के लिए यहां करें संपर्क
नियंत्रित क्षेत्र में निर्माण और कॉलोनी से जुड़े नियमों की जानकारी लेने के लिए लोग सोनीपत महानगर विकास प्राधिकरण (एसएमडीए) कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं। कार्यालय चौथी मंजिल, कराधान भवन, सेक्टर-12, सोनीपत में स्थित है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



