सोनीपत: हरियाणा के सोनीपत में करीब पांच साल पुराने जगदीश हत्याकांड में अदालत ने एक ही परिवार के छह सदस्यों को उम्रकैद की सजा सुनाई है। मामला बेहद मामूली विवाद से शुरू हुआ था, लेकिन देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया और इसमें एक बुजुर्ग की जान चली गई। अब अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायालय ने मामले में छह आरोपियों को हत्या समेत कई धाराओं में दोषी ठहराते हुए सजा सुनाई है।
मामला 3 जून 2021 को सोनीपत के गांव कालूपुर का है। यहां उपलों को लेकर दो पड़ोसी परिवारों के बीच विवाद हुआ था। इसी विवाद ने बाद में हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि शिकायत दर्ज कराने के लिए थाने जा रहे जगदीश के परिवार को रास्ते में घेरकर हमला किया गया। हमलावरों ने लाठी-डंडों के साथ कुल्हाड़ी और लोहे के पाइप जैसे हथियारों का इस्तेमाल किया।
हमले में जगदीश गंभीर रूप से घायल हो गया और बाद में उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मुकदमे की सुनवाई के दौरान बड़ी संख्या में गवाहों के बयान दर्ज किए गए। सरकारी अधिवक्ता रोशनी दुहन के मुताबिक, मामले में करीब 70 लोगों की गवाही हुई।
अदालत ने मामले में सुरेश, संतरो, अमित, सुमित, रमेश और सिकंदर को दोषी करार दिया। ये सभी एक ही परिवार से जुड़े हुए हैं। कोर्ट ने इन्हें भारतीय दंड संहिता की धारा 120-बी और 302 के तहत उम्रकैद तथा 50 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई।
इसके अलावा दोषियों को धारा 148 के तहत एक साल की सजा और 2,500 रुपये जुर्माना तथा धारा 149 के तहत छह महीने की सजा और 1,000 रुपये जुर्माना भी लगाया गया है। अदालत ने अलग-अलग धाराओं में दी गई मुख्य सजाओं को एक साथ चलाने का आदेश दिया है।
मृतक के परिवार को मिलेगा मुआवजा
अदालत ने जुर्माने की राशि में से 1.50 लाख रुपये जगदीश के कानूनी वारिसों को मुआवजे के तौर पर देने के निर्देश दिए हैं। करीब पांच साल तक चले इस मुकदमे के बाद आए फैसले से पीड़ित परिवार को न्याय मिला है।
सरकारी अधिवक्ता रोशनी दुहन ने बताया कि दोनों पक्ष पड़ोसी थे और विवाद की शुरुआत उपलों को लेकर हुई थी। बाद में आरोपियों ने जगदीश और उसके परिवार पर हमला कर दिया, जिसमें जगदीश की जान चली गई।
अदालत ने मामले की गंभीरता और दोनों पक्षों की दलीलों पर विचार करने के बाद यह भी स्पष्ट किया कि यह मामला मृत्युदंड दिए जाने की श्रेणी में नहीं आता, इसलिए दोषियों को उम्रकैद की सजा सुनाई गई।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



