संजीव, सोनीपत। खरखौदा क्षेत्र के गांव कंवाली में मारपीट में घायल बुजुर्ग लाल सिंह की रोहतक PGI में इलाज के दौरान मौत हो गई। शिकायत के मुताबिक, दीपावली के लिए दीपक पकाने वाली भट्ठी देखने गए लाल सिंह का गांव लौटते समय रास्ता रोक लिया गया।

आरोप है कि गांव के ही दो युवकों ने उनसे कहासुनी के बाद लाठी-डंडों से मारपीट की। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। एक आरोपी गिरफ्तार हो चुका है, जबकि दूसरे की तलाश जारी है।

दीपावली के लिए भट्ठी देखने गए थे लाल सिंह

मामला खरखौदा क्षेत्र के कंवाली गांव का है। शिकायतकर्ता सचिन के मुताबिक, उनके पिता लाल सिंह दीपावली के लिए दीपक पकाने वाली भट्ठी देखने घर से गांव की फिरनी पर गए थे। वहां से लौटते समय रवि उर्फ भोलू और रविंद्र ने कथित तौर पर उनका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि पहले दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई। इसके बाद दोनों युवकों ने लाल सिंह पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए रोहतक PGI में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरे की तलाश जारी

पुलिस के अनुसार, घटना 5 अक्टूबर को हुई थी। सूचना मिलने पर पुलिस टीम गांव पहुंची और घायल बुजुर्ग को इलाज के लिए PGI रोहतक भेजा गया। बाद में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर रवि उर्फ भोलू और रविंद्र के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इनमें से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। दूसरा आरोपी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो टीमें गठित की गई हैं। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m