सोनीपत, 05 सितंबर। सोनीपत के कथूरा गांव में जर्जर बिजली लाइन ने एक किसान की जान ले ली। गांव के अड्डे से सामान लेकर घर लौट रहे 50 वर्षीय सतबीर के ऊपर अचानक बिजली का तार टूटकर गिर गया। तार के संपर्क में आते ही उन्हें तेज करंट लगा और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों ने बिजली निगम पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
मृतक की पहचान गांव कथूरा निवासी सतबीर (50) के रूप में हुई है। वह खेती-बाड़ी का काम करता था। पुलिस को दी शिकायत में उसके बेटे साहिल ने बताया कि चार सितंबर को करीब दोपहर 3:30 बजे उसके पिता गांव के अड्डे से सामान लेकर वापस घर लौट रहे थे। रास्ते में अचानक बिजली की लाइन का तार टूटकर सतबीर के ऊपर गिर गया। तार के शरीर से संपर्क में आते ही उन्हें तेज करंट लगा और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। डायल-112 के माध्यम से पुलिस को गांव में एक व्यक्ति के करंट लगने से मृत अवस्था में पड़े होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के स्वजन से जानकारी ली।
मृतक के बेटे साहिल ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि गांव में बिजली लाइन के तार काफी समय से जर्जर हालत में थे। समय पर तारों की मरम्मत और रखरखाव नहीं किए जाने के कारण यह हादसा हुआ। उन्होंने बिजली निगम के संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्रथम दृष्टया अपराध बनता पाए जाने पर थाना बरोदा में भारतीय न्याय संहिता की धारा 106 के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक देवेंद्र के नेतृत्व में की जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों के साथ बिजली लाइन और तारों की स्थिति की भी जांच करेगी।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, स्वजन ने मांग की है कि जर्जर बिजली तारों के रखरखाव में लापरवाही के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।
- CG News: एक दिन पहले घर से निकला था अधेड़, स्कूल परिसर में फांसी के फंदे पर लटका मिला शव
- ओडिशा में छात्र संघ चुनाव की तारीखों का ऐलान : 15 अक्टूबर को होगी वोटिंग, उच्च शिक्षा विभाग ने जारी की समय-सारणी
- तवे को गैस से उतारते ही पानी डालना सही या गलत? जानिए क्या है सही तरीका
- 8,000mAh की धांसू बैटरी के साथ Vivo Y32 लॉन्च, 120Hz डिस्प्ले और 50MP कैमरा भी, जानें पूरी डिटेल
- उत्तरकाशी में धामी का बड़ा दांव, विश्वनाथ-शक्ति मंदिर कॉरिडोर बनाने का ऐलान

