सोनीपत। कुमासपुर गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका के मायके पक्ष ने उसके पति, सास और ससुर पर हत्या का आरोप लगाया है। बहालगढ़ थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों का इंतजार कर रही है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव चिटाना निवासी अनिल ने बताया कि उसकी छोटी बहन मोनिका की शादी 17 फरवरी 2012 को कुमासपुर निवासी धर्मेंद्र के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के करीब दो माह बाद से ही पति धर्मेंद्र, सास कैलाश और ससुर राजेंद्र दहेज की मांग को लेकर मोनिका को परेशान करने लगे थे। परिवार के अनुसार कई बार दोनों पक्षों के बीच पंचायत कर मामले को सुलझाने का प्रयास किया गया, लेकिन विवाद का स्थायी समाधान नहीं हुआ।
परिजनों के मुताबिक 10 अगस्त की रात करीब आठ बजे मोनिका ने अपने चाचा जयपाल को फोन किया था। आरोप है कि बातचीत के दौरान उसने आशंका जताई कि उसका पति और सास-ससुर उसे रात में ही मार सकते हैं। चाचा ने उसे समझाते हुए अगले दिन सुबह परिवार के पांच से सात लोगों के साथ कुमासपुर पहुंचने की बात कही थी।
हालांकि, 11 अगस्त की तड़के करीब 2:47 बजे परिजनों को मोनिका की मौत की सूचना मिली। सूचना मिलने के बाद परिजन पुलिस के साथ उसकी ससुराल पहुंचे, लेकिन वहां शव नहीं मिला। बाद में जानकारी मिली कि शव सिविल अस्पताल सोनीपत पहुंचाया गया है। अस्पताल में अनिल ने शव की पहचान अपनी बहन मोनिका के रूप में की।
मृतका के भाई ने आरोप लगाया कि मोनिका की उसके पति, सास और ससुर ने मिलकर हत्या की है। वहीं, पुलिस के पहुंचने से पहले शव अस्पताल ले जाने को लेकर भी मायका पक्ष ने सवाल उठाए हैं।
बहालगढ़ थाना पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 108 के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल की परिस्थितियों, मोबाइल फोन और दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर मौत के कारणों की पुष्टि की जाएगी। पुलिस जांच के बाद ही मामले में आगे की कार्रवाई स्पष्ट होगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


