सोनीपत। हरियाणा के सोनीपत जिले में कुंडली थाना क्षेत्र के प्याऊ मनिहारी में रविवार देर रात एक ढाबा संचालक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान कुंडली निवासी नरेंद्र खत्री के रूप में हुई है, जो पिछले 10 साल से ‘मित्रा दा ढाबा’ चला रहे थे। वारदात उस समय हुई जब किराए के कमरों के पास बैठकर शराब पी रहे युवकों को तेज रफ्तार में स्कूटी चलाने से रोका गया, जिस पर हुए विवाद को सुलझाने पहुंचे नरेंद्र के सीने में आरोपी अमन यादव ने पिस्तौल से गोली मार दी। गंभीर हालत में उन्हें तुरंत नरेला स्थित अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
स्कूटी की रफ्तार और शराब पीने पर शुरू हुआ विवाद
नरेंद्र खत्री के चचेरे भाई मंजीत के अनुसार, रविवार रात ढाबे से करीब आधा किलोमीटर दूर उमाशंकर कॉलोनी स्थित नरेंद्र के पानी के प्लांट और किराए के कमरों के पास करीब 20 से 22 युवक बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान उनमें से एक युवक तेज रफ्तार से स्कूटी चलाते हुए वहां से गुजरा। प्लांट की देखरेख करने वाले कर्मचारी निखिल ने जब उसे टोका, तो आरोपियों ने उसके साथ कहासुनी करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद की जानकारी मिलने पर नरेंद्र खुद मौके पर पहुंचे और युवकों को समझाने का प्रयास करने लगे।
बीच-बचाव करने पहुंचे संचालक को मारी गोली
बातचीत के दौरान आरोपी अमन यादव ने नरेंद्र के साथ भी गाली-गलौज की और अचानक पिस्तौल निकालकर उनकी छाती में गोली मार दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। आरोप है कि अमन यादव ने इससे पहले कर्मचारी निखिल के साथ भी मारपीट की थी, जिसके बाद नरेंद्र वहां पहुंचे थे। घटना की सूचना मिलते ही कुंडली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और सोमवार को शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंपा जाएगा।
10 साल से चला रहे थे ढाबा, परिवार में दो मासूम बच्चे
नरेंद्र खत्री प्याऊ मनिहारी में हर्षवंश कॉलोनी स्थित ‘मित्रा दा ढाबा’ चला रहे थे। उनके पिता मकान बनाने की ठेकेदारी का काम करते हैं, जबकि नरेंद्र और उनका भाई मिलकर ढाबा संभालते थे। करीब 6 साल पहले नरेंद्र की शादी हुई थी और उनके परिवार में पत्नी के अलावा दो और चार साल के दो छोटे बेटे हैं। नरेंद्र की मौत की खबर मिलने के बाद से उनके परिवार में मातम का माहौल है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

