सोनीपत के मुरथल इलाके में रविवार को एक शराब ठेके पर ग्राहक बनकर पहुंचे बदमाश ने सेल्समैन पर हमला कर 15 हजार रुपये नकदी लूट ली। पुलिस ने घटनास्थल से चोरी की एक लावारिस बाइक बरामद की है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

सोनीपत। जिले अंतर्गत मुरथल थाना क्षेत्र से दिनदहाड़े वारदात की एक घटना सामने आई है। रविवार को एक शराब ठेके पर आए अज्ञात बदमाश ने सेल्समैन पर जानलेवा हमला कर गल्ले में रखी करीब 15 हजार रुपये की राशि लूट ली और मौके से भाग निकला। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम ने पहुंचकर मामले की पड़ताल शुरू कर दी है।

ग्राहक बनकर आया था हमलावर

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के मैनपुरी निवासी अवधेश मुरथल स्थित ठेकेदार जयंत के शराब ठेके पर बतौर सेल्समैन कार्यरत हैं। रविवार को जब वे ड्यूटी पर मौजूद थे, तभी एक अज्ञात व्यक्ति ग्राहक के रूप में शराब खरीदने आया। सेल्समैन जैसे ही सामान निकालने के लिए मुड़े, आरोपी काउंटर के अंदर दाखिल हो गया और उनके सिर पर शराब की बोतल से वार कर दिया। हमले में सेल्समैन के घायल होते ही बदमाश गल्ले से 15 हजार रुपये समेटकर चंपत हो गया।

लावारिस बाइक और सीसीटीवी फुटेज बरामद

वारदात की सूचना के तुरंत बाद एएसआई युद्धवीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर छानबीन की। जांच के दौरान पुलिस को ठेके के समीप बिना नंबर प्लेट की एक लावारिस मोटरसाइकिल खड़ी मिली। पड़ताल करने पर पता चला कि यह मोटरसाइकिल चोरी की है, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। इसके साथ ही दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले ली है।

आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस प्रवक्ता रविंद्र कुमार ने बताया कि मुरथल स्थित शराब ठेके पर सेल्समैन से मारपीट कर नकदी लूटने का मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस तकनीकी एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों को एकत्र कर जांच आगे बढ़ा रही है। बाहर से मिली चोरी की बाइक और सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपी की पहचान की जा रही है, जिसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।