सोनीपत में जिला कांग्रेस कार्यालय के बाहर महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सांसद कंगना रनौत और शिक्षा मंत्री प्रहलाद जोशी के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने दोनों नेताओं का पुतला दहन कर जंतर-मंतर पर छात्राओं के साथ हुए कथित दुर्व्यवहार और विवादित बयानों को लेकर सार्वजनिक माफी की मांग की।

संजीव घनगस, सोनीपत। महिला कांग्रेस ने सांसद एवं अभिनेत्री कंगना रनौत और शिक्षा मंत्री प्रहलाद जोशी के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कार्यालय के बाहर महिला कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए दोनों नेताओं का पुतला दहन किया। प्रदर्शन के दौरान कंगना रनौत के छात्राओं को लेकर दिए गए कथित बयान पर सार्वजनिक माफी की मांग की गई। वहीं महिला कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार और शिक्षा मंत्री पर भी कई गंभीर आरोप लगाए।

पुतलों पर जूते मारकर जताया विरोध

सोनीपत के जिला कांग्रेस कार्यालय के बाहर गुरुवार को महिला कांग्रेस कार्यकर्ता बड़ी संख्या में एकत्रित हुईं। कार्यकर्ताओं ने कंगना रनौत और शिक्षा मंत्री प्रहलाद जोशी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए दोनों का पुतला दहन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने पुतलों पर जूते मारकर अपना विरोध दर्ज कराया और कंगना रनौत से महिलाओं और छात्राओं पर की गई कथित टिप्पणी के लिए सार्वजनिक माफी की मांग की।

जंतर-मंतर घटना को लेकर रोष

महिला कांग्रेस नेता नीलम बलियान ने आरोप लगाया कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज कराया गया और छात्राओं के साथ पुलिस द्वारा अभद्र व्यवहार किया गया। उन्होंने कहा कि इसी मुद्दे को लेकर पूरे देश की महिला कांग्रेस में रोष है। अपने संबोधन में उन्होंने बिलकिस बानो मामले का भी जिक्र करते हुए शिक्षा मंत्री प्रहलाद जोशी पर गंभीर राजनीतिक आरोप लगाए और कहा कि ऐसे व्यक्ति को शिक्षा मंत्री नहीं होना चाहिए।

नीलम बलियान ने यह भी आरोप लगाया कि कंगना रनौत ने पहले भी विपक्ष के नेताओं और अब छात्राओं को लेकर विवादित बयान दिए हैं। उन्होंने कहा कि जंतर-मंतर पर बैठी बेटियों के बारे में कथित अभद्र टिप्पणी करने पर कंगना रनौत को देश की महिलाओं और छात्राओं से माफी मांगनी चाहिए।

भाजपा नेताओं की चुप्पी पर सवाल

प्रदर्शन में शामिल महिला कांग्रेस कार्यकर्ता पायल मलिक ने कहा कि एक महिला होने के बावजूद कंगना रनौत ने महिलाओं के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी की है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान महिलाओं के साथ हुए कथित दुर्व्यवहार पर भाजपा नेताओं ने चुप्पी साधे रखी। साथ ही आरोप लगाया कि कंगना रनौत लगातार राजनीतिक विरोधियों और छात्रों को लेकर विवादित बयान देती रहती हैं।

उग्र आंदोलन की दी चेतावनी

प्रदर्शन के अंत में महिला कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि महिलाओं और छात्राओं के सम्मान को लेकर इस तरह की बयानबाजी जारी रही तो उनका विरोध भी जारी रहेगा। फिलहाल सोनीपत में हुए इस प्रदर्शन को लेकर राजनीतिक माहौल गर्माता नजर आ रहा है।