संजीव, सोनीपत। दिल्ली के नरेला के बीच किन्नर समाज के पारंपरिक बधाई क्षेत्र को लेकर विवाद सामने आया है। सोनीपत की रहने वाली सुमन किन्नर ने दावा किया है कि वह पिछले 15 साल से अधिक समय से गुरु परंपरा के तहत तय क्षेत्र में बधाई लेने का काम कर रही हैं। उनका आरोप है कि नरेला की तरफ के कुछ लोग अब उनके क्षेत्र में दखल देने की कोशिश कर रहे हैं। सुमन ने विरोधी पक्ष की ओर से लगाए गए धर्म परिवर्तन के आरोपों को भी निराधार बताया है।

SNA News से बातचीत में सुमन किन्नर ने कहा कि उनका सोनीपत से पुराना नाता है और वह 11 साल की उम्र से किन्नर समाज से जुड़ी हैं। उनके मुताबिक, गुरु परंपरा के अनुसार उन्हें जो क्षेत्र सौंपा गया था, उसमें छहटेरा माजरा, नाहरा-नाहरी, कथलूपुर, हलालपुर और लाम्पुर से लेकर दिल्ली बॉर्डर तक के इलाके शामिल हैं।

सुमन का दावा है कि यह क्षेत्र उन्हें अपनी मर्जी से नहीं मिला, बल्कि गुरु परंपरा के तहत सौंपा गया था। उनके पास इस संबंध में पुराने दस्तावेज और अन्य प्रमाण होने की बात भी उन्होंने कही है। उनका कहना है कि वह वर्षों से इसी व्यवस्था के तहत बधाई लेने का काम कर रही हैं।

धर्म परिवर्तन के आरोपों को बताया निराधार

सुमन किन्नर के मुताबिक, विवाद के दौरान उन पर धर्म परिवर्तन से जुड़े आरोप लगाए गए हैं। उन्होंने इन आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया। उनका कहना है कि उन्हें समाज में बदनाम करने के लिए ऐसी बातें फैलाई जा रही हैं।

सुमन ने कहा कि यदि उनके खिलाफ लगाए गए आरोप सही हैं तो उन्हें प्रमाणों के साथ सामने लाया जाना चाहिए। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। साथ ही प्रशासन के सामने दोनों पक्षों की मेडिकल जांच कराने की मांग भी रखी है, ताकि लगाए जा रहे आरोपों की सच्चाई सामने आ सके।

सामाजिक कार्यों का भी दिया हवाला

सुमन ने बातचीत में अपने सामाजिक कामों का जिक्र करते हुए कहा कि वह लंबे समय से समाज के बीच रहकर काम कर रही हैं। गौशालाओं में सहयोग और दूसरी सामाजिक गतिविधियों में भी उनकी भागीदारी रही है। उनका आरोप है कि मौजूदा विवाद के जरिए उनकी सामाजिक छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की जा रही है।

फिलहाल सुमन किन्नर ने सोनीपत पुलिस प्रशासन और उच्च अधिकारियों से निष्पक्ष जांच कर न्याय दिलाने की मांग की है। इस मामले में दूसरे पक्ष का जवाब और प्रशासन का आधिकारिक पक्ष सामने आना बाकी है। दोनों पक्षों की बात सामने आने के बाद ही विवाद की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m