सोनीपत: हरियाणा के सोनीपत जिले के रहमाना गांव में शराब के नशे में 100 रुपये के लेनदेन को लेकर हुए घरेलू विवाद के दौरान पति ने कस्सी और कुदाल से हमला कर अपनी 32 वर्षीय पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी ने अपने 10 साल के बेटे को मामा का नाम लेने के लिए डराया, लेकिन पुलिस की पूछताछ में बच्चों ने पिता की करतूत का पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने फॉरेंसिक (FSL) टीम के साथ मौके से साक्ष्य जुटाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है।

15 दिन पहले ही बच्चों के साथ बिहार से आया था परिवार

मूल रूप से बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के मैनबैगनी गांव की रहने वाली राजवंती (32) और उसका पति नरेश (मुजफ्फरपुर-पटना निवासी) करीब 15 दिन पहले ही अपने 10 साल और 5 साल के दो बच्चों के साथ गांव रहमाना आए थे। यह परिवार गांव के राजेंद्र नामक व्यक्ति के खेत में बने ट्यूबवेल के कोठरे में रहकर आसपास के खेतों में मजदूरी का काम करता था।

साले के साथ बैठकर पी शराब, फिर 100 रुपये पर हुआ विवाद

पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, वारदात वाली रात करीब 9 बजे नरेश, उसकी पत्नी राजवंती और राजवंती का भाई (नरेश का साला) एक साथ बैठकर शराब पी रहे थे। कुछ देर बाद राजवंती का भाई दूसरे कमरे में सोने चला गया। इसके बाद पति-पत्नी के बीच पैसों को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। बताया जा रहा है कि राजवंती ने घर का सामान लाने के लिए नरेश की जेब से 100 रुपये निकाले थे, जिससे नाराज होकर दोनों में विवाद बढ़ गया।

कस्सी और कुदाल से ताबड़तोड़ हमला

पति-पत्नी दोनों के शराब पीने के आदी होने की बात सामने आई है। नशे की हालत में विवाद इतना बढ़ गया कि नरेश ने कोठरे में रखी कस्सी से पत्नी पर हमला कर दिया। इसके बाद उसने कुदाल उठाकर भी राजवंती पर कई वार किए, जिससे गंभीर चोट लगने के कारण मौके पर ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किए गए दोनों कृषि उपकरणों को कब्जे में ले लिया है।

बेटे को डराकर मामा पर मढ़ना चाहता था दोष, बच्चों ने खोला सच

हत्या को अंजाम देने के बाद आरोपी नरेश ने अपने 10 साल के बेटे को डराया-धमकाया ताकि वह पुलिस के सामने अपनी मां की हत्या का आरोप अपने मामा पर लगा दे। सुबह जब पुलिस पहुंची तो शुरुआती बयानों के आधार पर मृतका के भाई को मौके पर बुलाया गया। उसने बताया कि वह रात 9 बजे ही दूसरे कमरे में चला गया था। इसके बाद पुलिस ने बच्चों से अलग-अलग प्यार से पूछताछ की, तो बेटे ने रोते हुए सच बता दिया कि हत्या उसके पिता नरेश ने ही की है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m