सोनीपत में पुलिस आयुक्त ममता सिंह के निर्देशानुसार एसीपी निधि नैन ने व्यापारियों के साथ सिटी थाना परिसर में एक महत्वपूर्ण संवाद बैठक की। इस बैठक में बाजारों में अतिक्रमण, सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरे बढ़ाने और हर महीने ऐसी बैठक आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
संजीव घनगस,सोनीपत। पुलिस आयुक्त सोनीपत ममता सिंह, IPS, ADGP के निर्देशानुसार जनभागीदारी के माध्यम से सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं अपराधमुक्त समाज के निर्माण की दिशा में सोनीपत पुलिस लगातार प्रयासरत है। इसी कड़ी में बुधवार दिनांक 15 जुलाई को सहायक पुलिस आयुक्त सिटी 2 सोनीपत निधि नैन ने सिटी थाना परिसर में व्यापारियों के साथ एक महत्वपूर्ण संवाद बैठक आयोजित की। बैठक का उद्देश्य पुलिस और व्यापारियों के बीच आपसी विश्वास, सहयोग एवं बेहतर समन्वय स्थापित करना था, ताकि शहर की कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके तथा विभिन्न समस्याओं का समाधान आपसी संवाद से किया जा सके।
व्यापार मंडल प्रतिनिधि शामिल
बैठक में सिटी थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार एवं अन्य पुलिसकर्मी भी उपस्थित रहे। व्यापारियों की ओर से जिला व्यापार मंडल सोनीपत के प्रधान संजय सिंगला, वरिष्ठ उपप्रधान रामनारायण गोयल, शहरी कार्यकारी प्रधान पवन तनेजा, प्रवीण वर्मा, किरयाना एसोसिएशन के नवीन गर्ग, विनोद गुप्ता, जतिन डेंबला, ललित गोयल, राकेश जैन तथा केमिस्ट एसोसिएशन के सुरेश कादियान, मुकेश जैन, वत्स सहित अनेक व्यापारी प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

सुरक्षा एवं अतिक्रमण पर चर्चा
बैठक के दौरान व्यापारियों ने शहर से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर अपने सुझाव एवं चिंताएं साझा कीं। इनमें बाजारों में अतिक्रमण की समस्या, बढ़ते अपराधों की रोकथाम, नशे के कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई, चोरी की घटनाओं पर अंकुश, बाजारों में सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाने, छोटे बच्चों से भीख मंगवाने वाले गिरोहों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई तथा शहर में पुलिस बल बढ़ाने जैसे मुद्दे प्रमुख रहे।
हर माह होगी बैठक
एसीपी निधि नैन ने व्यापारियों द्वारा दिए गए सभी सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि पुलिस और जनता एक-दूसरे की साझेदार हैं। समाज के सहयोग के बिना कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी नहीं बनाया जा सकता। उन्होंने कहा कि व्यापारियों द्वारा उठाए गए प्रत्येक मुद्दे पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी तथा संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर समस्याओं के समाधान का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने यह भी घोषणा की कि व्यापारियों के साथ प्रत्येक माह नियमित संवाद बैठक आयोजित की जाएगी, जिससे उनकी समस्याओं, सुझावों एवं सुरक्षा संबंधी मुद्दों पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने व्यापारियों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि, अपराध या असामाजिक तत्वों की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
व्यापार मंडल का आश्वासन
जिला व्यापार मंडल के प्रधान संजय सिंगला ने सोनीपत पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस और समाज के बीच निरंतर संवाद से आपसी विश्वास मजबूत होता है और अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने में सहायता मिलती है। उन्होंने व्यापारियों की ओर से आश्वासन दिया कि शहर को सुरक्षित, स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाने के प्रत्येक अभियान में व्यापार मंडल पुलिस प्रशासन का पूर्ण सहयोग करेगा। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। सभी उपस्थित व्यापारियों एवं पुलिस अधिकारियों ने एकमत से कहा कि नियमित संवाद, पारस्परिक सहयोग एवं जनभागीदारी के माध्यम से ही शहर को अधिक सुरक्षित, व्यवस्थित और अपराधमुक्त बनाया जा सकता है।

