सोनीपत के विशाल नगर में पिछले तीन दिनों से जारी गंभीर बिजली-पानी संकट के खिलाफ स्थानीय निवासियों ने सोमवार को पेट्रोल पंप वाली गली में चक्का जाम कर उग्र प्रदर्शन किया।
संजीव घनगस, सोनीपत। भीषण गर्मी के बीच लगातार बिजली कटौती से परेशान विशाल नगर के लोगों का सब्र आखिरकार जवाब दे गया। पिछले तीन दिनों से लगातार बिजली की आंख-मिचौली और पानी की भारी किल्लत से नाराज स्थानीय निवासियों ने सोमवार को पेट्रोल पंप वाली गली में जाम लगाकर उग्र प्रदर्शन किया। लोगों ने बिजली विभाग पर बार-बार शिकायतें करने के बावजूद कोई उचित सुनवाई न करने का सीधा आरोप लगाया। इस प्रदर्शन के चलते यातायात पूरी तरह बाधित रहा। चक्का जाम की सूचना मिलते ही बिजली विभाग के कर्मचारी तुरंत मौके पर पहुंचे और जल्द समाधान का ठोस आश्वासन देकर प्रदर्शनकारियों से जाम खुलवाया।

बिजली कटौती से जनता बेहद परेशान
प्रदर्शन कर रहे स्थानीय लोगों का कहना था कि क्षेत्र में बार-बार बिजली जाने से उनका जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। बिजली नहीं रहने के कारण घरों में पानी की नियमित सप्लाई भी बाधित हो रही है, जिससे रोजमर्रा के काम करना बेहद मुश्किल हो गया है। सबसे ज्यादा परेशानी बुजुर्गों, बच्चों और कामकाजी लोगों को उठानी पड़ रही है। दिनभर नौकरी करने के बाद जब वे घर लौटते हैं तो बिजली नहीं होने के कारण पूरी रात हाथ के पंखे से गर्मी झेलनी पड़ती है। लगातार कटौती के चलते लोगों की दिनचर्या भी पूरी तरह प्रभावित हो गई है।
ओवरलोड और बाधित काम बनी वजह
प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि उन्होंने कई बार बिजली विभाग में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन न तो कोई संतोषजनक जवाब मिला और न ही समस्या का स्थायी समाधान किया गया। हालात दिन-ब-दिन खराब होने पर लोग सड़क पर उतरे। मौके पर पहुंचे विभागीय कर्मचारियों ने बताया कि क्षेत्र में बड़ी संख्या में थ्री-फेज कनेक्शन होने से ट्रांसफॉर्मर पर अतिरिक्त लोड पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि समस्या के स्थायी समाधान के लिए सर्दियों में स्वीकृत हुई नई बिजली लाइन का काम कुछ स्थानीय लोगों द्वारा खंभे न लगने देने के कारण बीच में ही रुक गया था।

