सोनीपत के सेक्टर-10 स्थित रेलवे हाईराइज सोसाइटी में 25 साल की युवती ने फांसी लगाकर जान दे दी। परिजनों के अनुसार वह डिप्रेशन का शिकार थी।

सोनीपत। सेक्टर-10 में स्थित रेलवे हाईराइज सोसाइटी में शुक्रवार को एक 25 साल की युवती ने अपने ही घर में फांसी लगाकर जीवन समाप्त कर लिया। अचानक हुई इस घटना से पूरे बहुमंजिला परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही सेक्टर-27 थाना पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर वैधानिक कार्रवाई शुरू की।

सातवीं मंजिल के फ्लैट में उठाई खौफनाक कदम

मूल रूप से महाराष्ट्र से ताल्लुक रखने वाले और रेलवे से सेवानिवृत्त अजय पाटिल अपने परिवार के साथ सोसाइटी की सातवीं मंजिल पर स्थित फ्लैट में रहते हैं। शुक्रवार को उनकी सबसे छोटी बेटी उदिता (25) ने अपने कमरे की कुंडी अंदर से बंद कर ली और आत्महत्या कर ली। स्वजन जब तक उसे आनन-फानन में इलाज के लिए अस्पताल ले गए, तब तक डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

लंबे समय से चल रहा था डिप्रेशन का इलाज

परिजनों के अनुसार, उदिता मानसिक रूप से काफी समय से अस्वस्थ थी और डिप्रेशन का सामना कर रही थी। दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल से उसका नियमित उपचार जारी था और दवाइयां चल रही थीं। घटना से ठीक एक दिन पहले उसने परिजनों से मन में आत्महत्या के विचार आने की बात भी कही थी, जिस पर परिजनों ने उसे ढांढस बंधाया था, लेकिन वह यह कदम उठाने से नहीं रुकी।

हाल ही में मनाया था 25वां जन्मदिन

उदिता ने 12वीं तक की शिक्षा प्राप्त करने के बाद पढ़ाई छोड़ दी थी, क्योंकि उसी दौरान परिजनों को उसके अवसादग्रस्त होने की जानकारी मिली थी। बीते 17 जुलाई को ही पूरे परिवार ने बड़े उत्साह के साथ उसका 25वां जन्मदिन मनाया था। तीन बहनों में सबसे छोटी उदिता के इस कदम से पूरा परिवार गहरे सदमे में है।

पुलिस कर रही सभी पहलुओं की पड़ताल

मामले में सेक्टर-27 थाना प्रभारी सवित्त कुमार ने बताया कि युवती के पिता के बयान दर्ज कर लिए गए हैं, जिसमें उन्होंने लंबे समय से जारी डिप्रेशन के इलाज की बात कही है। पुलिस शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसे परिजनों के सुपुर्द कर रही है। कानून के अनुसार सभी संभावित कोणों को ध्यान में रखकर मामले की छानबीन की जा रही है।