रोटरी क्लब ऑफ सोनीपत आर्डेंट ने शनिवार को सिविल अस्पताल में 'मां और नन्ही परी सम्मान' सेवा प्रोजेक्ट का आयोजन किया। इस दौरान मातृत्व वार्ड में जन्मी आठ नवजात बेटियों और उनकी माताओं को सम्मानित कर गिफ्ट पैकेट भेंट किए गए।
संजीव घनगस, सोनीपत। समाज में बेटी के जन्म को सम्मान और गौरव से जोड़ने की दिशा में रोटरी क्लब ऑफ सोनीपत आर्डेंट ने शनिवार को सिविल अस्पताल, महाराणा प्रताप चौक स्थित मातृत्व वार्ड में ‘मां और नन्ही परी सम्मान’ सेवा प्रोजेक्ट का आयोजन किया। इस अवसर पर अस्पताल में जन्मी आठ नवजात बेटियों और उनकी माताओं को सम्मानित कर रोटरी की ओर से शुभकामनाओं, आशीर्वाद और स्नेह के प्रतीक स्वरूप आकर्षक गिफ्ट पैकेट भेंट किए गए।
समाज में सकारात्मक सोच की पहल
यह सेवा प्रोजेक्ट मां और बच्चे की देखभाल के लिए जिला स्तर की पहल के अंतर्गत आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य माताओं और नवजात शिशुओं के स्वास्थ्य, सम्मान और बेहतर देखभाल के प्रति समाज में सकारात्मक सोच विकसित करना है। कार्यक्रम के दौरान नवजात बेटियों के जन्म पर खुशी का माहौल देखने को मिला और उपस्थित लोगों ने बेटियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
सामूहिक जिम्मेदारी और संवेदनशीलता पर बल
कार्यक्रम की अध्यक्षता रायनी शालिनी आशु नागपाल ने मीटिंग चेयरपर्सन के रूप में की। उन्होंने कहा कि मां और शिशु की देखभाल केवल परिवार की ही नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। ऐसे सेवा प्रोजेक्ट समाज में संवेदनशीलता और बेटियों के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करने का कार्य करते हैं।
अस्पताल प्रशासन और स्टाफ का आभार
इस अवसर पर क्लब की ओर से अस्पताल प्रशासन, चिकित्सकों और नर्सिंग स्टाफ के सहयोग की सराहना की गई। क्लब पदाधिकारियों ने कहा कि सिविल अस्पताल के डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों के सहयोग से यह सेवा प्रोजेक्ट सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। क्लब ने सिविल सर्जन (CMO), चिकित्सकों एवं नर्सिंग स्टाफ का सामाजिक सरोकार से जुड़े इस अभियान में सहयोग और समन्वय के लिए विशेष आभार व्यक्त किया।
बेटी का जन्म राष्ट्र के लिए सम्मान
रोटरी क्लब ऑफ सोनीपत आर्डेंट के प्रधान रोटेरियन प्रमोद मोना भूटानी ने कहा कि बेटी का जन्म परिवार, समाज और राष्ट्र के लिए खुशी, आशा और सम्मान का प्रतीक है। बेटियां हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा से देश का नाम रोशन कर रही हैं, इसलिए उनके जन्म का स्वागत पूरे उत्साह और सम्मान के साथ किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि रोटरी क्लब भविष्य में भी ऐसे सेवा कार्यों के माध्यम से समाज में जागरूकता, संवेदनशीलता और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देता रहेगा तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य से जुड़े अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभाएगा। कार्यक्रम के अंत में सभी नवजात बेटियों और उनकी माताओं को उज्ज्वल, स्वस्थ एवं सुखद भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।


