सोनीपत के मलिकपुर गांव में धतूरी रोड स्थित तालाब के पास एक गड्ढे से 14-15 वर्षीय किशोरी का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ है। शव को कुत्तों द्वारा नोचे जाने के कारण मृतका की पहचान नहीं हो सकी है और हत्या की आशंका जताई जा रही है।
सोनीपत। गांव मलिकपुर में धतूरी रोड स्थित तालाब के निकट शनिवार शाम करीब 14-15 वर्षीय किशोरी का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव तालाब के पास एक गड्ढे में दबा हुआ मिला और उसकी स्थिति अत्यंत क्षत-विक्षत थी। मामले में हत्या की आशंका जताई जा रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।
मुरथल थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि शनिवार शाम सूचना मिली थी कि धतूरी रोड पर मलिकपुर में तालाब के पास एक शव गड्ढे में दबा हुआ है, जिसे कुत्ते नोच रहे हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को गड्ढे से बाहर निकाला।
इस दौरान ड्यूटी मजिस्ट्रेट की नियुक्ति कराई गई और शव निकालने की वीडियोग्राफी भी करवाई गई। शव क्षत-विक्षत अवस्था में मिलने के कारण मृतका की पहचान नहीं हो सकी। शव का एक हाथ कुत्तों द्वारा नोचा गया था।

