सोनीपत के कुंडली में बिजली के तार की चपेट में आने से एक 29 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच कर रही है।
संजीव घनगस, सोनीपत। जिले के कुंडली क्षेत्र में करंट लगने से 29 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के समय युवक घर में अकेला था। उसका भाई जब वापस कमरे पर पहुंचा तो युवक बेहोशी की हालत में पड़ा मिला और उसके ऊपर बिजली का तार गिरा हुआ था। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस द्वारा मामले की गहन जांच जारी है। मृतक की पहचान अभय कुमार के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार के वैशाली जिले के बिशुनपुर तरोर गांव का रहने वाला था। वह पिछले कई वर्षों से कुंडली में किराए के मकान में रहकर एक निजी फैक्ट्री में नौकरी करता था। परिवार के अनुसार अभय ने दसवीं कक्षा तक पढ़ाई की थी। इसके बाद रोजगार की तलाश में हरियाणा आ गया था और मेहनत-मजदूरी कर परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों में सहयोग कर रहा था।
करंट लगने से भाई की मौत
मृतक के बड़े भाई विक्की कुमार ने बताया कि घटना के समय वह किसी काम से बाहर गया हुआ था। घर लौटने पर उसने देखा कि अभय कमरे में बेहोशी की हालत में पड़ा था और उसके शरीर पर बिजली का तार गिरा हुआ था। करंट लगने की आशंका के चलते उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों का कहना है कि उन्हें समझ नहीं आ रहा कि आखिर अभय को करंट किन परिस्थितियों में लगा। परिजनों के अनुसार उनका परिवार पिछले 15 से 20 वर्षों से सोनीपत में रह रहा है। परिवार में माता-पिता और तीन भाई हैं। अभय तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था और अपनी कमाई से परिवार का सहारा बना हुआ था। उसकी अचानक मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और घर में गहरा शोक का माहौल है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस ने तुरंत मौके का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला करंट लगने से मौत का प्रतीत हो रहा है, हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए गहन जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर साक्ष्य एकत्रित कर रही है ताकि मौत के असली कारणों का खुलासा हो सके।

