सोनीपत। हरियाणा के सोनीपत जिले के खरखौदा क्षेत्र से एक बेहद दिल दहला देने वाली और दुखद खबर सामने आई है। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में हुए एक भीषण अग्निकांड में सोनीपत के महिपुर गांव के रहने वाले 23 साल के युवक भविष्य शर्मा की दर्दनाक मौत हो गई। भविष्य ने अपनी पढ़ाई पूरी करने के बाद हाल ही में एनिमेशन यानी कंप्यूटर पर कार्टून और स्पेशल इफेक्ट्स बनाने का कोर्स पूरा किया था। महज आठ दिन पहले ही उसे लखनऊ के एक बड़े एनिमेशन और गेमिंग संस्थान में पहली नौकरी मिली थी, जिससे पूरे परिवार में खुशी का माहौल था।

कमरे में धुएं के बीच मां को किया आखिरी वीडियो कॉल

हादसे के वक्त जब इमारत में आग लगी, तो भविष्य अंदर ही फंस गया था। उसने बदहवासी की हालत में अपनी मां को वीडियो कॉल मिलाया। मां को वहां का मंजर दिखाते हुए भविष्य ने रोते हुए कहा कि मां कमरे में आग लग गई है और चारों तरफ सिर्फ धुआं ही धुआं भर गया है, अब मैं जिंदा नहीं बचूंगा। इसके तुरंत बाद फोन कट गया। कॉल कटते ही सोनीपत में बैठे परिवार के होश उड़ गए और जब टीवी पर लखनऊ अग्निकांड की खबर चली, तो परिजन तुरंत लखनऊ के लिए रवाना हो गए। पोस्टमार्टम के बाद मंगलवार को उसका शव गांव लाया गया है।

बहन की शादी के लिए पिता का हाथ बंटाने गया था लखनऊ

भविष्य के पिता एक प्राइवेट स्कूल में टीचर हैं और मां घर पर ही कपड़ों की सिलाई का काम करती हैं। भविष्य अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी एक बहन भी है, जिसकी शादी की बातचीत चल रही थी। भविष्य हमेशा अपनी बहन की शादी को लेकर फिक्रमंद रहता था। वह पिता की आर्थिक मदद करने के लिए ही इतनी दूर लखनऊ नौकरी करने गया था, ताकि पैसे जुटा सके। अब इस हादसे के बाद टूट चुके पीड़ित परिवार ने मांग की है कि भविष्य की बहन या उसके पिता को सरकारी नौकरी दी जाए। इस घटना से पूरे महिपुर गांव में मातम पसरा हुआ है।