कुंदन कुमार, पटना। मुसीबत के समय हमेशा दूसरों की मदद के लिए सबसे आगे रहने वाले समाज सेवी और बॉलीवुड के प्रसिद्ध अभिनेता सोनू सूद ने आज मंगलवार (22, सितंबर) को सीएम सम्राट चौधरी से मुलाकात की है। यह मुलाकात लोक सेवक आवास में हुई। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अभिनेता का हार्दिक स्वागत करते हुए इस मुलाकात को आत्मीय बताया। गौरतलब है कि सोनू सूद आज बिहार दौरे पर थे, जहां उन्होंने बाढ़ से पीड़ित कुछ जिलों का दौरा कर फंसे लोगों के बीच राहत सामाग्री का वितरण किया।

बाढ़ प्रभावित इलाकों का लिया जायजा

दरअसल ​बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद आज मंगलवार को बिहार के बेगूसराय, वैशाली और पटना समेत बाढ़ से प्रभावित कुछ जिलों में पहुंचे, जहां उन्होंने अपनी टीम (सोनू सूद चैरिटी फाउंडेशन) के साथ बाढ़ से प्रभावित इलाकों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उनकी टीम नाव के सहारे दुर्गम बाढ़ क्षेत्रों में भी पहुंची। अभिनेता ने बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात की और उनके दर्द को समझने का प्रयास किया। इस दौरान उनकी टीम ने लोगों के बीच जरूरी राहत सामग्रियां भी बांटी।

ऐसा सिस्टम बने, जिससे हर साल इन्हें डूबना न पड़े- सोनू सूद

इस दौरान बेगूसराय में मीडिया से बातचीत करते हुए सोनू सूद ने कहा कि, यहां के लोगों ने बताया कि बेगूसराय में बाढ़ पीड़ित तकलीफ में हैं, इसलिए मैं मदद करने के लिए आ गया। उन्होंने कहा कि, सबसे बड़ी बात है कि इन लोगों को तकलीफ होनी ही नहीं चाहिए। उन्होंने सरकार से विनती किया कि आप बहुत कमाल का काम कर रहे हैं। लेकिन इन बाढ़ पीड़ितों के लिए कुछ और भी करें। एक ऐसा सिस्टम बनना चाहिए, जिससे हर साल इन परिवारों को डूबना ना पड़े।

देश के बड़े लोगों से मदद करने की अपील

इसके साथ ही सोनू सूद ने खास अपील करते हुए कहा कि, देश के जितने भी बड़े-बड़े लोग हैं, वे बिहार की तरफ ध्यान दें। अभिनेता ने कहा कि, बिहार के ही लोग हमारे घर और ऑफिस बनाते हैं। यहां के युवा आईएएस और आईपीएस बनते हैं और देश चलाते हैं। उन्होंने कहा कि, जब बिहार पर विपदा आए तो सब को साथ में आना चाहिए, ताकि सभी लोग बिहार के लिए कुछ कर पाएं।

ये भी पढ़ें- BPSC ने TRE-4 के लिए 32,388 पदों पर जारी किया नया विज्ञापन, जानें किस दिन से शुरू होगा आवेदन