मयंक श्रीवास्तव, अयोध्या. रामनगरी अयोध्या में आगामी दीपोत्सव 2026 (Ayodhya Deepotsav 2026) को और भी दिव्य, भव्य और यादगार बनाने की तैयारियां जोरों पर हैं. इस बार के दीपोत्सव में सांस्कृतिक विविधता और आधुनिकता का अनूठा संगम देखने को मिलेगा. योजना के तहत आयोजन में दक्षिण भारत की प्रसिद्ध रामलीलाओं का मंचन किया जाएगा, जो श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र होंगी. इसके साथ ही, दीपोत्सव के दौरान होने वाली आतिशबाजी को भी हाईटेक तकनीकों के जरिए नए और आकर्षक रूप में प्रस्तुत करने की योजना बनाई गई है.
तैयारियों को समयबद्ध और सुचारू रूप से पूरा करने के लिए अपर मुख्य सचिव (पर्यटन एवं संस्कृति) अमृत अभिजात ने अयोध्या का विस्तृत दौरा किया. उन्होंने सरयू अतिथि गृह, हेलीपैड, राम कथा पार्क, पार्किंग स्थल, तुलसी उद्यान और राम की पैड़ी सहित प्रमुख स्थलों का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
इसे भी पढ़ें : आखिर डर किस बात का है? राम मंदिर के गर्भगृह में फोन नहीं ले जाएंगे पुजारी, इन चीजों से भी रखनी होगी दूरी…
निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक और पुलिस महकमे के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे. इनमें कमिश्नर राजेश कुमार, डीआईजी सोमेन बर्मा, जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर, विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अनुराज जैन, नगर आयुक्त जैनेंद्र कुमार और मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह शामिल रहे. सभी विभागों के समन्वय से इस बार दीपोत्सव को ऐतिहासिक स्वरूप देने की पूरी रूपरेखा तैयार की जा रही है.



