उत्तर प्रदेश में एमएलसी चुनाव में भाजपा के खाते में अभी तक पांच सीटें आ चुकी हैं. वहीं वाराणसी और आगरा खंड शिक्षक चुनाव में सपा प्रत्याशियों ने बाजी मार ली है. इधर गोरखपुर में बीजेपी प्रत्याशी विजयी हुए हैं. शिक्षक व स्नातक एमएलसी की 11 सीटों के तहत 9 सीटों पर मतगणना पूरी होने के बाद निर्वाचन आयोग ने निर्वाचित प्रतिनिधियों के नाम की घोषणा कर दी है. लखनऊ खंड स्नातक सीट पर समाजवादी पार्टी की प्रत्याशी कांति सिंह ने करीब 17,000 वोटों से जीत दर्ज की है.
वाराणसी और लखनऊ की स्नातक एमएलसी सीट को लेकर जारी मतगणना के बीच अन्य 9 सीटों पर आए परिणाम के बाद निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बधाई दी है.
इसे भी पढ़ें : लाज बच गई… CM के क्षेत्र गोरखपुर में BJP के छूटे पसीने, MLC चुनाव में 276 वोटों से दर्ज की जीत
9 सीटों के परिणाम
मेरठ स्नातक क्षेत्र- दिनेश कुमार गोयल (भाजपा) 24,929 मत प्राप्त कर जीते.
आगरा स्नातक क्षेत्र- डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह, गुरु जी (भाजपा) 42,743 वोट प्राप्त कर जीते.
इलाहाबाद-झांसी स्नातक क्षेत्र- डॉ. मान सिंह यादव (सपा) 60,358 वोट प्राप्त कर जीते. लखनऊ शिक्षक क्षेत्र- उमेश द्विवेदी (भाजपा) 13,179 मत प्राप्त कर जीते.
वाराणसी शिक्षक क्षेत्र- लाल बिहारी यादव (सपा) 11,612 मत प्राप्त कर जीते.
आगरा शिक्षक क्षेत्र- डॉ. आकाश अग्रवाल (सपा) 14,046 मत प्राप्त कर जीते.
मेरठ शिक्षक क्षेत्र- श्रीचन्द शर्मा (भाजपा) 18,099 मत प्राप्त कर जीते.
बरेली-मुरादाबाद शिक्षक क्षेत्र- डॉ. हरी सिंह ढिल्लो (भाजपा) 21,672 मत प्राप्त कर जीते.
गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक क्षेत्र- ध्रुव कुमार त्रिपाठी (भाजपा) 16,790 मत प्राप्त कर जीते.
सीएम योगी ने दी बधाई
परिणामों को लेकर सीएम योगी ने विजयी प्रत्याशियों को बधाई देते हुए एक्स पर लिखा कि ‘उत्तर प्रदेश विधान परिषद के स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के द्विवार्षिक निर्वाचन- 2026 में विजयी सभी प्रत्याशियों को हार्दिक बधाई. विश्वास है कि आप सभी शिक्षकों एवं स्नातकों की आकांक्षाओं को सशक्त स्वर देते हुए उनके हितों के संरक्षण, शिक्षा के उन्नयन और प्रदेश की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान देंगे. आप सभी के यशस्वी कार्यकाल हेतु अनंत मंगलकामनाएं.’

