अयोध्या. श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में चढ़ावा गबन का मामला अब भी शांत नहीं हुआ है. इस मामले को लेकर बयानबाजी लगातार जारी है. समाजवादी पार्टी से पूर्व मंत्री पवन पांडेय ने इस मुद्दे को लेकर एक और बयान दिया है. उन्होंने श्रीराम मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारियों पर निशाना साधते हुए कहा कि “40 दिनों में 70 बार लूटा, इन्होंने तो लूटने में गजनवी को भी पीछे छोड़ दिया”.

पवन पांडेय ने कहा कि ‘कितने दुख की बात है कि महमूद गजवनी ने 17 बार लूटा, आप सोचिए कि जिनके ऊपर राम मंदिर की सुरक्षा की जिम्मेदारी थी, जिन पर चढ़ावा को बचाने और व्यवस्थित रखने की जिम्मेदारी थी, उन्होंने 40 दिनों में 70 बार लूटा. गजवनी के रिकॉर्ड को तोड़ने में भी ये लोगों ने कोई कमी नहीं की. बाबा आए रहे और कहे रहे कि दूध का दूध और पानी का पानी कर देंगे. बाबा को लोग बुलडोजर बाबा कहते हैं 140 करोड़ लोगों की आस्था के साथ इतनी बड़ी लूट, इतनी बड़ी डकैती हो गई, बाबा का बुलडोजर चला ही नहीं, एनकाउंटर हुआ ही नहीं. गोली चली ही नहीं. ना दूध हुआ ना पानी हुआ.’

इसे भी पढ़ें : ‘वो क्या करेंगे दूध का दूध और पानी का पानी…’, योगी के बयान पर अखिलेश का पलटवार, कहा- लालच ने मार दिया है, उनकी आंख का पानी

पवन ने आगे कहा कि ‘कितना बड़ा दुर्भाग्य है कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम का मंदिर सर्वोच्च न्यायालय के आदेश पर बना, 140 करोड़ लोगों की आस्था के आधार पर ट्रस्ट बना. आज 140 करोड़ लोगों की आस्था की धज्जियां उड़ गई. विश्वास के साथ विश्वासघात हो गया. लेकिन ना कहीं एनकाउंटर है, ना कहीं गोली है, ना कहीं बुलडोजर है, बाबा न्याय में भी दो आंख करते हैं. प्रभु श्रीराम सब देख रहे हैं. जय सिया राम.’