चित्रकूट। जिले में 951 करोड़ लागत की 124 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के विकास कार्यों, बुंदेलखंड के परिवर्तन और विपक्ष की राजनीति पर अपनी बात रखी। सीएम योगी ने कहा कि कभी भय और दहशत की पहचान रखने वाला चित्रकूट आज विकास और आस्था के नए केंद्र के रूप में आगे बढ़ रहा है।

सीएम योगी ने विपक्ष पर बोला हमला

सीएम योगी ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी के लोग ठेके, पट्टे और जमीनों पर कब्जे की राजनीति से ही बाहर नहीं निकल पाए। उन्होंने कहा कि कानून का सख्त शासन होने के कारण अवैध कब्जों पर रोक लगी है। सीएम योगी ने कहा कि यदि 2022 में चित्रकूट से डबल इंजन सरकार का विधायक और 2024 में भाजपा का सांसद चुना गया होता, तो चित्रकूट का विकास अयोध्या, काशी और प्रयागराज की तर्ज पर और अधिक तेज़ी से होता।

READ MORE: राम मंदिर चढ़ावा मामले में प्रमोद तिवारी का भाजपा पर हमला, बोले- भगवान राम के पुजारी हम, ‘भाजपा’ व्यापारी

वंशवाद की राजनीति को बढ़ावा दिया

सीएम योगी ने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकारों ने परिवारवाद और वंशवाद की राजनीति को बढ़ावा दिया, जबकि उनकी सरकार प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र के संतुलित विकास के लिए कार्य कर रही है। डॉ. राम मनोहर लोहिया के समय रामायण मेले जैसी परंपराओं की शुरुआत हुई थी, लेकिन आज के समाजवादी उनके आदर्शों से दूर हो गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सांस्कृतिक विरासत, धार्मिक पर्यटन और आधारभूत ढांचे के विकास को प्राथमिकता दे रही है।