संजय पाटीदार, भोपाल। मध्यप्रदेश में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर भाजपा सरकार द्वारा बच्चों के लिए विशेष स्वास्थ्य एवं पोषण अभियान चलाने का निर्णय लिया गया है। 29 अगस्त से 4 सितंबर तक चलने वाले इस अभियान के तहत आंगनबाड़ियों और स्कूलों में बच्चों की स्वास्थ्य जांच की जाएगी तथा उन्हें पौष्टिक भोजन वितरित किया जाएगा। महिला एवं बाल विकास और स्वास्थ्य विभाग मिलकर इस अभियान का संचालन करेंगे। इसके साथ ही कृष्ण गमन पथ के माध्यम से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने और कृष्ण से जुड़े स्थलों पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा। हालांकि, इस जनहितैषी अभियान की घोषणा के साथ ही प्रदेश में इस पर सियासत भी गरमा गई है। कांग्रेस और बीजेपी के बीच इस मुद्दे पर तीखी बयानबाजी शुरू हो गई है।

कांग्रेस का तंज: ‘पोषण घोटाले और कुपोषण के लिए विख्यात है प्रदेश’

कांग्रेस प्रवक्ता अभिनव बरोलिया ने सरकार के इस अभियान को महज ‘दिखावा और ड्रामेबाजी’ करार देते हुए तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा-“मध्यप्रदेश पोषण आहार घोटाले और कुपोषण के लिए देशभर में विख्यात है। बालाघाट में मासूम बच्चों की मौतों का मामला किसी से छुपा नहीं है।””भाजपा सरकार जमीनी काम करने के बजाय त्योहारों की आड़ में इवेंटबाजी और ड्रामेबाजी कर रही है। भाजपा की नीतियों के कारण प्रदेश के बच्चों की एक पूरी पीढ़ी का भविष्य बर्बाद हो गया है।

भाजपा का पलटवार: ‘स्वास्थ्य और पोषण राजनीति का विषय नहीं’

कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार करते हुए भाजपा प्रवक्ता अजय सिंह यादव ने इसे विपक्ष की ओछी मानसिकता करार दिया। उन्होंने कहा-“बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण जैसे संवेदनशील अभियान पर सवाल उठाना कांग्रेस की निम्नस्तरीय राजनीति को दर्शाता है।” “जन्माष्टमी के पावन अवसर पर सरकार बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और पोषण के लिए विशेष और जरूरी कदम उठा रही है।””कांग्रेस को ऐसे जनकल्याणकारी अभियानों का स्वागत करना चाहिए, न कि इस पर राजनीति करनी चाहिए। बच्चों का स्वास्थ्य राजनीति का विषय नहीं है।” फिलहाल, इस विशेष अभियान की शुरुआत के साथ ही प्रदेश का राजनीतिक तापमान भी बढ़ गया है। देखना होगा कि 4 सितंबर तक चलने वाले इस अभियान से ज़मीनी स्तर पर बच्चों को कितना लाभ पहुँचता है।

इंदौर में मर्सिडीज कार के नाम पर 16.70 लाख की धोखाधड़ीः दो आरोपियों पर एफआईआर दर्ज

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m