हेमंत शर्मा, इंदौर। शहर के भंवरकुआं थाना क्षेत्र में लग्जरी (मर्सिडीज) कार दिलाने और बेचने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर जांच के बाद दो आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी और अमानत में खयानत का मामला दर्ज कर लिया है।
इकरारनामा कर ऐंठ लिए लाखों रुपये
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, फरियादी गोपाल बैरागी की शिकायत पर पुलिस ने प्रियंका मित्तल और विनायक मित्तल के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज की है। पूरा विवाद मर्सिडीज बेंज कार (क्रमांक HR-26-CR-8310) को लेकर शुरू हुआ।शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरोपियों ने कार दिलाने के नाम पर पहले 6 लाख रुपये लेकर इकरारनामा (एग्रीमेंट) किया था। इसके बाद अलग-अलग समय पर झांसा देकर कुल 16.70 लाख रुपये ऐंठ लिए।
गाड़ी गैराज भेजने के नाम पर हड़पी, धमकी देने का आरोप
फरियादी का दावा है कि आरोपियों ने बाद में मर्सिडीज कार को सर्विसिंग के लिए गैराज भेजने के बहाने अपने पास ले लिया और फिर वापस नहीं लौटाया। यही नहीं, आरोपियों पर एक अन्य स्विफ्ट डिजायर कार के मामले में भी 2.50 लाख रुपये ऐंठने का आरोप है। जब पीड़ित ने अपनी गाड़ियां और बकाया रकम वापस मांगी, तो आरोपियों ने पैसे लौटाने के बजाय उसे जान से मारने की धमकियां दीं।
पुलिस जांच के बाद मामला दर्ज
मामले की गंभीरता को देखते हुए भंवरकुआं थाना पुलिस ने प्राथमिक जांच के बाद दोनों आरोपियों प्रियंका मित्तल और विनायक मित्तल के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और जल्द ही आरोपियों से पूछताछ की जाएगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


