हिसार के उपायुक्त महेंद्र पाल ने विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की बैठक ली। उन्होंने अधिकारियों को मतदाता सूची में पात्र युवाओं के नाम जोड़ने और मृत मतदाताओं के नाम हटाने के सख्त निर्देश दिए।

विनोद सैनी, हिसार। भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत चलाए जा रहे ‘विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान’ (Special Intensive Revision) की प्रगति सुनिश्चित करने के लिए उपायुक्त महेंद्र पाल ने बुधवार को संबंधित अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक ली। इस दौरान उन्होंने सभी निर्वाचन अधिकारियों और चुनाव कार्य से जुड़े कर्मचारियों को मतदाता सूची को पूरी तरह सटीक, निष्पक्ष और त्रुटिहीन बनाने की कड़ी हिदायत दी। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की डुप्लीकेसी (दोहराव) बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अभियान की शत-प्रतिशत सफलता सुनिश्चित करने और सभी पात्र नागरिकों को सूची में शामिल करने के लिए पूरी गंभीरता और पारदर्शिता के साथ काम करने का आह्वान किया।

अभियान की बारीकी से होगी मॉनिटरिंग

हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए. श्रीनिवास द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए की गई प्रगति समीक्षा के बाद, उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि 1 जुलाई 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले सभी युवाओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ना प्राथमिकता है। साथ ही, मृत और स्थानांतरित हो चुके अयोग्य मतदाताओं के नामों को हटाने के लिए गहन जांच के निर्देश दिए गए हैं। ईआरओ (ERO) और एईआरओ (AERO) को निर्देशित किया गया है कि वे इस पूरे अभियान की नियमित मॉनिटरिंग करें ताकि कोई भी त्रुटि न रहे। घर-घर जाकर सर्वे करने के लिए बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा और 15 जून से 14 जुलाई 2026 तक जमीनी स्तर पर सर्वेक्षण कार्य चलाया जाएगा।

जिलावासियों से सहयोग की अपील

उपायुक्त महेंद्र पाल ने इस अभियान की सफलता के लिए मतदाता जागरूकता कार्यक्रम तेज करने के भी आदेश दिए हैं। उन्होंने जिला के नागरिकों से भावुक अपील की है कि जब बीएलओ घर-घर सर्वेक्षण के लिए आएं, तो उन्हें अपना सही और पूरा विवरण उपलब्ध कराएं, ताकि लोकतंत्र की इस प्रक्रिया को मजबूती प्रदान की जा सके। बैठक में एडीसी विवेक यादव, नगराधीश रोहित कुमार और चुनाव तहसीलदार जगदीप मान सहित चुनाव प्रक्रिया से जुड़े अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन का मुख्य लक्ष्य आगामी चुनाव प्रक्रिया को सुचारू और व्यवस्थित बनाना है, जिसके लिए प्रशासनिक स्तर पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। जनता का सही सहयोग ही इस अभियान को सफल बनाने में सबसे बड़ी भूमिका निभाएगा।