Technology Desk: बुजुर्गों के लिए फोन इस्तेमाल करना अब और आसान होने वाला है। टेक कंपनी itel ने भारतीय बाजार में नया itel Care फीचर फोन लॉन्च किया है। कंपनी ने इसे खास तौर पर वरिष्ठ नागरिकों की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया है।
इस फोन में स्मार्टफोन जैसे जटिल फीचर्स के बजाय बड़े बटन, बड़ी डिस्प्ले, तेज स्पीकर, वॉयस गाइडेंस और डेडिकेटेड SOS बटन पर फोकस किया गया है। सबसे खास बात इसकी कीमत है। itel Care को ₹1,499 में लॉन्च किया गया है।
2 सेकंड दबाते ही 5 लोगों को जाएगा SOS अलर्ट
itel Care का सबसे खास फीचर इसका लाल रंग का डेडिकेटेड SOS बटन है। इमरजेंसी की स्थिति में इस बटन को करीब 2 सेकंड तक दबाने पर फोन में पहले से सेव किए गए अधिकतम 5 कॉन्टैक्ट्स को अलर्ट SMS भेजा जाता है।
इसके बाद फोन इन सभी कॉन्टैक्ट्स पर एक-एक करके कॉल करता है। कॉलिंग की शुरुआत Priority 1 कॉन्टैक्ट से होती है। ऐसे में बुजुर्ग व्यक्ति को इमरजेंसी के समय फोनबुक खोलकर नंबर खोजने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

हिंदी और अंग्रेजी में बोलेगा फोन
फोन में King Voice नाम का वॉयस फीचर दिया गया है। यह छोटे मैसेज, मेन्यू और फोन कॉल की जानकारी हिंदी और अंग्रेजी में आवाज के जरिए पढ़कर सुना सकता है।
यह फीचर खास तौर पर उन वरिष्ठ नागरिकों के लिए उपयोगी हो सकता है जिन्हें छोटे अक्षर पढ़ने में परेशानी होती है।
बड़ी स्क्रीन और बड़े बटन
itel Care में 2 इंच की Magnified Display दी गई है। इसके साथ बड़े बटन और बड़े फंक्शन आइकन मिलते हैं। इससे स्क्रीन पर जानकारी देखना और सही बटन दबाना आसान हो जाता है। कंपनी ने फोन का इंटरफेस भी सिंपल रखा है, ताकि बुजुर्ग यूजर्स बिना किसी जटिल स्मार्टफोन फीचर के आसानी से इसका इस्तेमाल कर सकें।
तेज आवाज के लिए 2030 Box Speaker
फोन में 2030 Box Speaker दिया गया है, जो Audio PA के साथ आता है। कॉल के दौरान आसपास के शोर को कम करने के लिए इसमें AI Call Noise Cancellation (AI ENC) भी दिया गया है।
इससे शोर वाली जगह पर कॉल के दौरान आवाज को ज्यादा स्पष्ट तरीके से सुनने में मदद मिल सकती है।
1150mAh बैटरी और USB Type-C
itel Care में 1150mAh की बैटरी दी गई है। चार्जिंग के लिए USB Type-C पोर्ट मिलता है। इससे फोन को चार्ज करना आसान हो जाता है। फोन में Carlcare का प्री-लोडेड सर्विस कॉन्टैक्ट भी दिया गया है, जिसे डिलीट नहीं किया जा सकता। इसका उद्देश्य यूजर्स को सर्विस सपोर्ट तक आसानी से पहुंच उपलब्ध कराना है।
FM रेडियो, Bluetooth और डुअल LED टॉर्च भी
बेसिक फोन होने के बावजूद itel Care में कई उपयोगी फीचर्स दिए गए हैं। इसमें VGA कैमरा, वायरलेस FM रेडियो और रिकॉर्डिंग, Bluetooth और 3.5mm ऑडियो जैक मिलता है। अंधेरे में इस्तेमाल के लिए फोन में साइड स्विच के साथ डुअल LED टॉर्च भी दी गई है।
500 कॉन्टैक्ट सेव, फोटो लगाकर पहचानना भी आसान
फोन की फोनबुक में अधिकतम 500 कॉन्टैक्ट्स सेव किए जा सकते हैं। खास बात यह है कि कॉन्टैक्ट के साथ उसकी फोटो भी जोड़ी जा सकती है। इससे बुजुर्ग यूजर नाम पढ़ने के बजाय तस्वीर देखकर परिवार के सदस्य या करीबी व्यक्ति को आसानी से पहचान सकते हैं।
10 UI भाषाओं और 22 Reading Languages का सपोर्ट
itel Care में 10 UI भाषाओं और 22 Reading Languages का सपोर्ट दिया गया है। स्टोरेज की जरूरत बढ़ने पर microSD कार्ड के जरिए इसे 32GB तक बढ़ाया जा सकता है।
कीमत सिर्फ ₹1,499 तीन कलर ऑप्शन
भारत में itel Care की कीमत ₹1,499 रखी गई है। यह फोन Black, Dark Green और Blue कलर ऑप्शन में उपलब्ध होगा।
कंपनी फोन के साथ एक साल का ‘काउंटर रिप्लेसमेंट’ ऑफर भी दे रही है। इसके अलावा बॉक्स में एक फ्री बैक कवर भी दिया जाता है।
बुजुर्गों के लिए क्यों खास है itel Care?
itel Care को देखकर साफ है कि कंपनी ने इसे उन लोगों के लिए तैयार किया है जिन्हें स्मार्टफोन के बजाय एक सरल, आसानी से समझ आने वाला और इमरजेंसी में मददगार फोन चाहिए।
बड़े बटन, बड़ी डिस्प्ले, हिंदी वॉयस फीचर और खास SOS बटन जैसे फीचर्स इसे सामान्य फीचर फोन से अलग बनाते हैं। वहीं ₹1,499 की कीमत इसे बजट सेगमेंट में एक दिलचस्प विकल्प बनाती है।

