० परिवार के साथ रिश्तेदारी से लौट रहा था युवक, अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम; अज्ञात चालक के खिलाफ केस दर्ज
यमुनानगर। हरियाणा के यमुनानगर में तेज रफ्तार ने एक और परिवार की खुशियां छीन लीं। रटौली रोड पर ऑटो और बाइक की आमने-सामने की टक्कर में 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों में मातम छा गया, जबकि पुलिस ने अज्ञात थ्री-व्हीलर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान गांव गुग्लो निवासी 25 वर्षीय लाल सिंह के रूप में हुई है। वह मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था और दो बच्चों का पिता था।
परिजनों ने बताया कि लाल सिंह अपने परिवार के साथ बाइक से कांसापुर स्थित अपनी साली के घर गया था। लौटते समय रटौली रोड पर जाहिद खान के फार्म के पास तेज रफ्तार और लापरवाही से आ रहे एक थ्री-व्हीलर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि लाल सिंह सड़क पर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही फर्कपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शिकायत के आधार पर अज्ञात थ्री-व्हीलर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है।


