SRH vs RR IPL 2026 Eliminator: राजस्थान रॉयल्स ने आईपीएल 2026 के एलिमिनेटर मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद को 47 रन से हराकर शानदार अंदाज में क्वालीफायर-2 में जगह बना ली है। न्यू चंडीगढ़ के महाराजा यादविंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस हाई स्कोरिंग मुकाबले में राजस्थान की जीत के सबसे बड़े हीरो 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी रहे, जिन्होंने सिर्फ 29 गेंदों में 97 रन की विस्फोटक पारी खेलकर मैच का रुख बदल दिया। गेंदबाजी में जोफ्रा आर्चर ने 3 विकेट झटकते हुए हैदराबाद की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। अब राजस्थान रॉयल्स का सामना 29 मई को क्वालीफायर-2 में गुजरात टाइटंस से होगा।

वैभव सूर्यवंशी ने खेली ऐतिहासिक पारी

टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान रॉयल्स को वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल ने तूफानी शुरुआत दिलाई। वैभव ने शुरुआत से ही आक्रामक तेवर अपनाए और हैदराबाद के गेंदबाजों पर जमकर हमला बोला।

15 साल के इस युवा बल्लेबाज ने सिर्फ 29 गेंदों में 97 रन ठोक दिए। अपनी इस पारी में उन्होंने चौकों और छक्कों की बरसात कर दी। वैभव ने 16 गेंदों में अर्धशतक जड़कर आईपीएल प्लेऑफ इतिहास की सबसे तेज फिफ्टी लगाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। इसके साथ ही उन्होंने एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के क्रिस गेल के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया।

ध्रुव जुरेल ने भी लगाया अर्धशतक

वैभव सूर्यवंशी के अलावा ध्रुव जुरेल ने भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए 50 रन की अहम पारी खेली। यशस्वी जायसवाल ने 29 रन बनाए, जबकि कप्तान रियान पराग ने 26 रन का योगदान दिया। रविंद्र जडेजा और डोनोवन फरेरा ने 12-12 रन जोड़कर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाने में मदद की।

राजस्थान रॉयल्स ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 243 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।

244 रन के लक्ष्य के सामने बिखरी SRH

244 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद की शुरुआत बेहद खराब रही। अभिषेक शर्मा बिना खाता खोले ही आउट हो गए। इसके बाद टीम लगातार दबाव में नजर आई।

नीतीश कुमार रेड्डी ने 38 रन बनाकर संघर्ष जरूर किया, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से ज्यादा साथ नहीं मिला। सलिल अरोड़ा ने 35, ईशान किशन ने 33, शिवांग कुमार ने 18 और ट्रेविस हेड ने 17 रन बनाए। हालांकि कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका। पूरी टीम 19.2 ओवर में 196 रन पर सिमट गई।

जोफ्रा आर्चर की घातक गेंदबाजी

राजस्थान की जीत में गेंदबाजों का भी अहम योगदान रहा। जोफ्रा आर्चर ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लेकर SRH की बल्लेबाजी की रीढ़ तोड़ दी। वहीं नांद्रे बर्गर, सुशांत मिश्रा और रविंद्र जडेजा को 2-2 विकेट मिले। यश राज पुंज ने भी 1 सफलता हासिल की।

सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से गेंदबाजी में प्रफुल्ल हिंगे सबसे सफल रहे। उन्होंने 3 विकेट झटके, जबकि शिवांग कुमार, ईशान मलिंगा और नीतीश कुमार रेड्डी को 1-1 विकेट मिला।

अब गुजरात टाइटंस से होगी भिड़ंत

एलिमिनेटर मुकाबला जीतने के बाद राजस्थान रॉयल्स अब 29 मई को क्वालीफायर-2 में गुजरात टाइटंस से भिड़ेगी। यह मुकाबला भी नॉकआउट होगा। इस मैच को जीतने वाली टीम 31 मई को होने वाले फाइनल में डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से टक्कर लेगी।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H