SRH vs RR IPL 2026 Eliminator: आईपीएल सीजन 19 के एलिमिनेटर मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स के 15 वर्षीय युवा ओपनर वैभव सूर्यवंशी ने इतिहास रच दिया है। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ खेले जा रहे करो या मरो के मुकाबले में वैभव ने सिर्फ 16 गेंदों में अर्धशतक जड़कर आईपीएल प्लेऑफ इतिहास का सबसे तेज अर्धशतक लगाने के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। इसके साथ ही उन्होंने एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के क्रिस गेल के ऐतिहासिक रिकॉर्ड को भी तोड़ दिया। फिलहाल वैभव 16 गेंदों में 8 छक्के और 1 चौके की मदद से 56 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं और लगातार आक्रामक बल्लेबाजी कर रहे हैं।

प्लेऑफ इतिहास का सबसे तेज अर्धशतक

वैभव सूर्यवंशी ने मैच की शुरुआत से ही हैदराबाद के गेंदबाजों पर हमला बोल दिया। उन्होंने महज 16 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और आईपीएल प्लेऑफ इतिहास का सबसे तेज फिफ्टी लगाने के मामले में सुरेश रैना की बराबरी कर ली है। उनकी इस विस्फोटक बल्लेबाजी ने न्यू चंडीगढ़ के महाराजा यादविंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में मौजूद दर्शकों को रोमांचित कर दिया।

16 गेंद – वैभव सूर्यवंशी बनाम सनराइजर्स हैदराबाद, न्यू चंडीगढ़, 2026
16 गेंद- सुरेश रैना बनाम पंजाब किंग्स, वानखेड़े, 2014
17 गेंद- एडम गिलक्रिस्ट बनाम दिल्ली कैपिटल्स, सेंचुरियन, 2009
20 गेंद- एमएस धोनी बनाम मुंबई इंडियंस, बेंगलुरु, 2012
21 गेंद- ड्वेन स्मिथ बनाम चेन्नई सुपर किंग्स, दिल्ली, 2013
21 गेंद- वीरेंद्र सहवाग बनाम चेन्नई सुपर किंग्स, वानखेड़े, 2014
21 गेंद- रजत पाटीदार बनाम गुजरात टाइटंस, धर्मशाला, 2026

क्रिस गेल का ऐतिहासिक रिकॉर्ड भी टूटा

वैभव सूर्यवंशी ने इस मुकाबले में 8 छक्के जड़ते ही आईपीएल के एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। इससे पहले यह रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के विस्फोटक बल्लेबाज क्रिस गेल के नाम था, जिन्होंने आईपीएल 2012 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की ओर से खेलते हुए 59 छक्के लगाए थे। एलिमिनेटर मुकाबले से पहले वैभव के नाम 53 छक्के थे और अब वह गेल को पीछे छोड़ चुके हैं।

खिलाड़ीछक्केसाल
क्रिस गेल592012
वैभव सूर्यवंशी65*2026
आंद्रे रसेल522019
क्रिस गेल512013
जोस बटलर452022

पूरे सीजन में दिखा तूफानी अंदाज

वैभव सूर्यवंशी इस सीजन शानदार फॉर्म में रहे हैं। एलिमिनेटर मुकाबले से पहले उन्होंने 14 मैचों में 583 रन बनाए थे। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 232.67 का रहा और उन्होंने एक शतक के साथ तीन अर्धशतक भी लगाए। उनकी बल्लेबाजी की सबसे खास बात उनका बेखौफ अंदाज रहा है। आंकड़ों के मुताबिक वह हर 4.7 गेंद में एक छक्का लगा रहे हैं और उनके कुल रनों में 54 प्रतिशत रन सिर्फ छक्कों से आए हैं।

डबल सेंचुरी लगाने का सपना

कुछ दिन पहले ही वैभव सूर्यवंशी ने कहा था कि उनका अगला लक्ष्य टी20 क्रिकेट में सबसे बड़ी पारी खेलने का रिकॉर्ड तोड़ना है। फिलहाल यह रिकॉर्ड भी क्रिस गेल के नाम है, जिन्होंने 175 रन की नाबाद पारी खेली थी। वैभव ने साफ कहा था कि उनका सपना टी20 क्रिकेट में दोहरा शतक लगाने का है।

मैच पर सभी की नजरें

फिलहाल एलिमिनेटर मुकाबला जारी है और सभी की नजरें वैभव सूर्यवंशी की ऐतिहासिक पारी पर टिकी हुई हैं। जिस तरह से वह बल्लेबाजी कर रहे हैं, उससे राजस्थान रॉयल्स को बड़े स्कोर की उम्मीद है, जबकि क्रिकेट फैंस एक और बड़े रिकॉर्ड का इंतजार कर रहे हैं।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H