जुबैर अंसारी, सुपौल। भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है। एसएसबी की 45वीं बटालियन, बीरपुर ने अलग-अलग कार्रवाइयों में 100 वॉकी-टॉकी (वायरलेस संचार उपकरण) और 2.63 लाख नेपाली मुद्रा जब्त की है। इतनी बड़ी संख्या में संचार उपकरणों की बरामदगी को सुरक्षा की दृष्टि से गंभीर माना जा रहा है और मामले की जांच अन्य एजेंसियां भी कर रही हैं।
स्कॉर्पियो से नेपाल ले जाए जा रहे थे वॉकी-टॉकी
एसएसबी की सीमा चौकी नियोर के पास विशेष नाका जांच के दौरान नेपाल की ओर जा रही स्कॉर्पियो (AS01AV7949) को रोका गया। वाहन चालक ने अपनी पहचान देवानंद मिश्रा, निवासी मोहनपुर, जिला सप्तरी (नेपाल) के रूप में बताई। वाहन की डिक्की की तलाशी लेने पर दो कार्टन मिले, जिनमें 50 Baofeng Walkie-Talkie और 50 Baofeng Portable Two-Way Radio बरामद हुए। कुल 100 वायरलेस संचार उपकरण जब्त किए गए।
वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका चालक
जांच के दौरान वाहन से दिल्ली के चांदनी चौक स्थित Maheshwari Traders द्वारा जारी Seller Invoice और Delhivery Slip भी मिली, जो महावीर इलेक्ट्रॉनिक, कुनौली के नाम पर जारी थीं। एसएसबी अधिकारियों ने चालक से WPC (Wireless Planning & Coordination) Authorization/ETA या अन्य वैध अनुमति पत्र मांगा, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद वॉकी-टॉकी, स्कॉर्पियो वाहन, इनवॉइस और डिलीवरी स्लिप को जब्त कर लिया गया।
सुरक्षा एजेंसियों को साजिश की आशंका
अधिकारियों के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय सीमा क्षेत्र में इतनी बड़ी मात्रा में वायरलेस संचार उपकरणों की बरामदगी बेहद संवेदनशील मामला है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि इन उपकरणों को तस्करी के जरिए नेपाल ले जाया जा रहा था। इस मामले में अन्य एजेंसियां भी जांच कर रही हैं। साथ ही यह भी जांच का विषय है कि कोरियर नेटवर्क के माध्यम से इस तरह के उपकरण सीमा तक कैसे पहुंचाए जा रहे हैं।
2.63 लाख नेपाली मुद्रा भी बरामद
दूसरी कार्रवाई में कटैया चेक पोस्ट पर नेपाल से भारत आ रहे एक व्यक्ति को संदेह के आधार पर रोका गया। पूछताछ में उसने अपना नाम रविंद्र यादव बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से 2.63 लाख नेपाली मुद्रा बरामद हुई। वह इस राशि के संबंध में कोई वैध दस्तावेज या संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। नेपाली मुद्रा और उसकी साइकिल को जब्त कर आगे की कार्रवाई के लिए सीमा शुल्क कार्यालय, भीमनगर को सौंप दिया गया।
पहले भी हुई है बड़ी जब्ती
गौरतलब है कि 21 जुलाई को भी एसएसबी ने एक तस्कर के पास से वॉकी-टॉकी बरामद किया था। वहीं, हाल के दिनों में 45वीं बटालियन ने 2184 किलोग्राम गांजा समेत अन्य तस्करी के सामान भी जब्त किए हैं। फिलहाल मुख्य आरोपी और जब्त सामग्री को आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए थाना डगमारा को सौंपा जा रहा है।
ये भी पढ़ें- रोहतास में मजदूर की हत्या के बाद भड़की हिंसा, आरोपी के घर आगजनी-तोड़फोड़, कई वाहन जलकर खाक


