इमरान खान, खंडवा। जिले के पंधाना थाना क्षेत्र की बोरगांव चौकी अंतर्गत टाकलीमोरी गांव में जमीन विवाद को लेकर हुए खूनी संघर्ष में सशस्त्र पुलिस बल के जवान धर्मेंद्र सोलंकी और उनके छोटे भाई अशोक सोलंकी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों का जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनका इलाज चल रहा है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि शिकायत के बावजूद पुलिस ने पहले एफआईआर दर्ज नहीं की। पुलिस अधीक्षक (SP) से गुहार लगाने के बाद चौकी प्रभारी बयान लेने अस्पताल पहुंचे।
ये भी पढ़ें: खबर का असर: उफनती नदी में उतारी यात्रियों से भरी बस, वीडियो वायरल होते ही पुलिस ने काटा चालान
क्या है पूरा मामला?
पीड़ित पक्ष के अनुसार घटना 29 जून की सुबह की है। धर्मेंद्र और अशोक अपने खेत में कृषि कार्य कर रहे थे। इसी दौरान गांव के ठाकुर सिंह पिता रुस्तम, कुंवारसिंह, बंजारी बाई, हेमंत, मनील, राजमल, पेमा, रेमसिया वहां पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने गाली-गलौज करते हुए कहा कि यहां हम खेती करते हैं तुम्हें खेती नहीं करने देंगे। इसके बाद धारदार हथियारों और लाठियों से दोनों भाइयों पर हमला कर दिया। हमले में दोनों को गंभीर चोटें आईं।
घायल आरक्षक की पत्नी ने पुलिस अधीक्षक को दिया आवेदन
घायल आरक्षक धर्मेंद्र की पत्नी ने पुलिस अधीक्षक को दिए आवेदन में बताया कि हमलावरों ने मारपीट के दौरान 52 हजार रुपए नगद, मोबाइल फोन और जरूरी दस्तावेज भी छीन लिए। आवेदन में ठाकुर सिंह, ढोलकी बाई, कुंवर सिंह सहित नौ लोगों के खिलाफ मारपीट का आरोप लगाया गया है।
पीड़ित परिवार का कहना है कि बोरगांव पुलिस चौकी में शिकायत देने के बाद भी एफआईआर दर्ज नहीं हुई थी। जिसके बाद परिवार ने एसपी से मिलकर निष्पक्ष जांच कर आरोपियों पर सख्त कार्रवाई करने और सुरक्षा की मांग की।
ये भी पढ़ें: मैहर में तेज आंधी-बारिश से जलभराव, रोते हुए महिला ने खोली नगर परिषद की पोल
शिकायत के बाद पुलिस ने दर्ज किया बयान
शिकायत के बाद बोरगांव पुलिस हरकत में आई और चौकी प्रभारी जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायल धर्मेंद्र सोलंकी और उनके भाई के बयान दर्ज किए और कार्रवाई का आश्वासन दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। पीड़ित परिवार ने दोषियों पर जल्द कार्रवाई और भविष्य में सुरक्षा की मांग की है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

