हेमंत शर्मा, खरगोन/इंदौर। जिले के भगवानपुरा क्षेत्र से एक बेहद डराने वाला वीडियो सामने आने के बाद प्रशासन हरकत में आया है। यहां उफनती नदी के तेज बहाव के बीच यात्रियों से खचाखच भरी एक निजी बस को निकालने का वीडियो सामने आया था। इस गंभीर मामले को Lalluram.com द्वारा प्रमुखता से उठाए जाने के बाद पुलिस और प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की है। पुलिस ने लापरवाही बरतने वाले बस चालक के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत पैनाल्टी लगाई है। भगवानपुरा थाना प्रभारी ने इस कार्रवाई की पुष्टि की है।

ये भी पढ़ें: मैहर में तेज आंधी-बारिश से जलभराव, रोते हुए महिला ने खोली नगर परिषद की पोल

सैलाब के बीच दांव पर लगाई थी सैकड़ों जानें

वीडियो खरगोन के भगवानपुरा क्षेत्र का है, जहां भारी बारिश के कारण एक छोटी नदी का पुल पूरी तरह पानी के तेज बहाव में डूब चुका था। नदी में पानी का वेग इतना ज्यादा था कि कोई भी बड़ा वाहन आसानी से बह सकता था। इसके बावजूद निजी यात्री बस के चालक ने घोर लापरवाही दिखाई। उसने अपनी और बस में सवार दर्जनों यात्रियों की जान की परवाह न करते हुए, सवारियों से ठसाठस भरी बस को उस डूबते हुए पुल पर उतार दिया और नदी पार करा दी। इस जानलेवा सफर के दौरान बस में बैठे यात्री सहमे रहे और सबकी सांसें हलक में अटकी रहीं।

मौसम विभाग के अलर्ट के बीच इतनी बड़ी लापरवाही

यह हैरान करने वाली घटना ऐसे समय में सामने आई थी जब मौसम विभाग ने पूरे मध्य प्रदेश में अलर्ट मोड ऑन कर रखा है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में सक्रिय हुए नए वेदर सिस्टम के कारण प्रदेश के 7 जिलों में भारी से अति भारी बारिश का ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी है। ऐसे मौसम में नदी-नाले कभी भी अचानक उफान पर आ जाते हैं, जहां इस तरह की लापरवाही किसी बड़े हादसे को सीधा न्योता दे सकती है।

ये भी पढ़ें: MP Promotion Reservation Case: प्रमोशन में आरक्षण मामले की फिर होगी सुनवाई, नई बेंच करेगी फैसला, नियुक्तियां अब भी रुकीं

देर से उठाया गया कदम, अधिकारियों ने की अपील

यात्रियों की जान जोखिम में डालने की इस घटना पर पुलिस की इस कार्रवाई को स्थानीय लोगों द्वारा देर से उठाया गया कदम माना जा रहा है। हालांकि इस कार्रवाई के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने एक बार फिर सख्त लहजे में चेतावनी दी है और आम जनता व वाहन चालकों से अपील की है कि वे बारिश के मौसम में सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन करें और उफनते नदी-नालों को पार करने का दुस्साहस कतई न करें।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m