तनवीर खान, मैहर। मध्य प्रदेश के मैहर जिले सहित अमरपाटन और आसपास के ग्रामीण इलाकों में मौसम ने अचानक करवट ले ली। दोपहर करीब ढाई बजे आसमान में काले बादलों ने डेरा डाल दिया, जिससे दिन में ही रात जैसा अंधेरा छा गया। इसके ठीक बाद तेज आंधी-तूफान के साथ बारिश का दौर शुरू हो गया, जो करीब डेढ़ घंटे तक लगातार जारी रहा।

अचानक हुए इस बदलाव से लोगों को भीषण तपिश और उमस से तो राहत मिली है लेकिन तेज हवाओं और मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया। आंधी के कारण क्षेत्र की बिजली पूरी तरह गुल हो गई।

ये भी पढ़ें: MP Promotion Reservation Case: प्रमोशन में आरक्षण मामले की फिर होगी सुनवाई, नई बेंच करेगी फैसला, नियुक्तियां अब भी रुकीं

सड़कों पर अंधेरा, हेडलाइट जलाकर रेंगते रहे वाहन

दोपहर में छाए घने अंधेरे के कारण सड़कों पर विजिबिलिटी बेहद कम हो गई, जिससे वाहन चालकों को मजबूरन अपने वाहनों की हेडलाइट जलानी पड़ी। बाजारों में अचानक आई तेज बारिश से अफरा-तफरी मच गई और राहगीर दुकानों व छज्जों के नीचे छिपकर खुद को बचाते नजर आए। इस तेज बारिश के चलते अमरपाटन और सतना चौराहा स्थित गांधी चौक की सड़कें तालाब में तब्दील हो गईं।

कच्चे मकान में भरा घुटनों तक पानी, रो पड़ी बेबस महिला

इस पहली ही तेज बारिश ने स्थानीय प्रशासन और नगर परिषद के दावों की कलई खोलकर रख दी है। अमरपाटन के पड़क्का मोहल्ला में रहने वाली गीता साकेत के कच्चे मकान में घुटनों तक पानी भर गया।

जलभराव के कारण घर में रखा अनाज, राशन और दूसरा कीमती सामान पूरी तरह भीगकर बर्बाद हो गया। स्थिति इतनी बदतर हो गई कि मकान का एक हिस्सा भरभराकर ढह गया और परिवार के लोग घर के अंदर से बाल्टियों से पानी बाहर फेंकते नजर आए।

ये भी पढ़ें: ‘भविष्य से खिलवाड़’! 8 साल से बिना कॉपी जांचे नंबर दे रहा था गेस्ट लेक्चरर, FIR की जगह सिर्फ 2 साल का बैन

जिम्मेदारों ने कहा था- ‘जब बारिश होगी तब देखेंगे’

पीड़ित महिला गीता साकेत ने कैमरे के सामने रोते हुए अपनी आपबीती सुनाई। उन्होंने आरोप लगाया कि इस समस्या को लेकर उन्होंने कई बार नगर परिषद में शिकायत की थी, लेकिन जिम्मेदारों ने उनकी एक न सुनी। अधिकारियों ने लापरवाही की हद पार करते हुए यहां तक कह दिया था कि “जब बारिश होगी तब देखेंगे”। आज उसी प्रशासनिक उदासीनता का खामियाजा एक गरीब परिवार को भुगतना पड़ रहा है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m