शब्बीर अहमद, भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल से एक झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। असमय दुनिया छोड़ गई ट्विशा शर्मा का आज शाम को अंतिम संस्कार किया जाएगा। इस दुख की घड़ी में शोकाकुल शर्मा परिवार ने भोपाल के संवेदनशील नागरिकों, समाजसेवियों और युवाओं से एक बेहद भावुक अपील की है। परिवार ने सभी से ट्विशा की अंतिम यात्रा में शामिल होने और न्याय की इस लड़ाई में संबल बनने का आग्रह किया है।
शाम 5 बजे दी जाएगी अंतिम विदाई
ट्विशा शर्मा की मौत के बाद पुलिस और प्रशासन द्वारा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर ली गई है। ट्विशा के शव का पोस्टमार्टम करा लिया गया है। शाम करीब 4:00 बजे तक ट्विशा का पार्थिव शरीर परिजनों को सौंप दिया जाएगा। इसके बाद आज ही शाम 5:00 बजे नम आंखों से ट्विशा को अंतिम विदाई दी जाएगी।
शोकाकुल परिवार की प्रार्थना
ट्विशा की अंतिम विदाई से पहले शर्मा परिवार द्वारा जारी संदेश हर किसी की आंखें नम कर रहा है। परिवार ने अपने संदेश में कहा है- “जिस बेटी ने सपनों के साथ अपने जीवन की नई शुरुआत की थी, वह आज असमय हम सबको छोड़कर चली गई। उसके माता-पिता की सूनी आंखें, टूटे हुए सपने और न्याय की प्रतीक्षा में बीत रहा हर क्षण हमारे समाज के लिए एक मौन प्रश्न है।” परिवार ने भोपाल के सभी न्यायप्रिय नागरिकों, माताओं, बहनों और युवाओं से करबद्ध प्रार्थना की है कि वे ट्विशा की अंतिम यात्रा में शामिल होकर उसकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करें। परिवार का कहना है कि आज जब ट्विशा पंचतत्व में विलीन होगी, तब केवल एक परिवार नहीं रोएगा, बल्कि हर वह हृदय व्यथित होगा जो बेटियों की सुरक्षा, सम्मान और न्याय में विश्वास रखता है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

