अजय सैनी ,भिवानी। संत कबीर साहेब की 629वीं जयंती के अवसर पर 29 जून को भिवानी में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय समारोह की तैयारियां तेज हो गई हैं। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए स्थानीय हनुमान गेट स्थित धानक पंचायती धर्मशाला में धानक समाज की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें समाज के बुद्धिजीवियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और राजनीतिक प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
बैठक की अध्यक्षता पूर्व पार्षद हंसराज खनगवाल ने की। उन्होंने बताया कि संत कबीर जयंती के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में हरियाणा के मुख्यमंत्री मुख्यमंत्री नायब सैनी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस दौरान धानक समाज की ओर से मुख्यमंत्री का विशेष अभिनंदन भी किया जाएगा।
गांव-गांव और वार्ड-वार्ड चलाया जाएगा जनसंपर्क अभियान
हंसराज खनगवाल ने बताया कि समारोह को भव्य बनाने के लिए जिले के सभी गांवों और शहरी वार्डों में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत 36 बिरादरी के लोगों को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया जाएगा, ताकि संत कबीर के विचारों और सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया जा सके।
उन्होंने कहा कि संत कबीर साहेब की शिक्षाएं आज भी समाज को समानता, भाईचारे और मानवता का संदेश देती हैं। ऐसे आयोजनों के माध्यम से नई पीढ़ी को उनके विचारों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
बैठक में श्याम सुंदर इंदौरा, फतेह सिंह खनगवाल, केदारनाथ सोलंकी, अनिल कुमार, किरोड़ी खनगवाल, राजेंद्र, श्रीनिवास टोनी, नरेश खनगवाल, ईश्वर सिंह कायत, महेंद्र सिंह, सतीश कुमार, प्रकाश बागड़ी, सुनील सोलंकी, बलजीत, रवि, दिनेश खटक, दीपक पचेरवाल, रामकिशन, मोहम्मद हमीद, प्रवीन, आर्यन इटकान, ग्रवीत इटकान सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।

