Bankipur by-election: बांकीपुर उपचुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां अब तेज हो चुकी है। राजद से रेखा गुप्ता और भाजपा से अभिषेक कुमार सिन्हा ने आज गुरुवार (9 जुलाई) को अपना नामांकन दाखिल किया। इसके साथ ही दोनों प्रत्याशियों ने अपनी-अपनी जीत का दावा भी किया।
बांकीपुर में खींचनी है नई लकीर- अभिषेक सिन्हा
नामांकन के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि, आज बांकीपुर की जनता की जीत है। मुझे मौका मिला है। मैं जनता और कार्यकर्ताओं के बीच रहूंगा। हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष (नितिन नबीन) ने यहां जो काम किया है, उस काम को हमें आगे बढ़ाना है और एक नई लकीर बांकीपुर में खींचनी है। वहीं, भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने कहा कि, जोरदार जीत होगी, निश्चिंत रहिए। विजय की पताका लहरेगी।
राजद और महागठबंधन की होगी जीत- रेखा गुप्ता
अभिषेक सिन्हा के अलावा राजद प्रत्याशी रेखा गुप्ता ने भी आज अपना नामांकन दाखिल किया। मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने अपने नामांकन पर कहा कि, हम जीतकर आ रहे हैं। राष्ट्रीय जनता दल और महागठबंधन की जीत होगी। जनता परिवर्तन चाह रही है और इस बार परिवर्तन होकर रहेगा।
उन्होंने आगे कहा कि, (भाजपा ने) कोई काम नहीं किया है। आप गलियों को देखें, महिला सुरक्षा को देखें, सड़कों के हाल देखें, नालियों को देखें, सूखे नशे की बात करें या NEET पेपर लीक मामले में छात्रों की स्थिति को देखें। अगर विकास का पर्याय यही है तो हमें नहीं लगता कि कोई विकास हुआ है। हमारे आगे कोई चुनौती नहीं है। बांकीपुर की जनता इस बार अपना मन बना चुकी है।
पांच उम्मीदवारों के बीच होगी लड़ाई
बता दें कि बांकीपुर उपचुनाव के लिए अब तक कुल 5 उम्मीदवार मैदान में हैं। राजद, जजद, भाजपा, जनसुराज और RLJP ने अपने-अपने प्रत्याशियों को मैदान में उतार दिया है। हालांकि मुख्य रूप से बांकीपुर उपचुनाव की लड़ाई भाजपा, राजद और जनसुराज के प्रंशात किशोर के बीच ही मानी जा रही है। एक तरफ जहां नीतीन नबीन के जाने के बाद भाजपा पर इस सीट को बचाने की बड़ी जिम्मेदारी है। वहीं, प्रशांत किशोर चुनाव प्रचार के दौरान लगातार बीजेपी और सीएम सम्राट चौधरी पर हमलावर हैं। फिलहाल बांकीपुर का उपचुनाव जोरों पर हैं, ऐसे में अब यह देखने वाली बात होगी की क्षेत्र की जनता किसके सिर जीत का ताज पहनाती है।
बांकीपुर उपचुनाव कार्यक्रम
- नामांकन प्रक्रिया- 6 जुलाई से शुरू होकर 13 जुलाई तक।
- नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 16 जुलाई।
- 30 जुलाई को होगा मतदान।
- 3 अगस्त को आएगा चुनाव का परिणाम।
ये भी पढ़ें- ‘जनता के साथ तेजस्वी को भी दे रहे हैं फ्री बिजली’, नामांकन सभा में CM सम्राट चौधरी का बड़ा सियासी तंज

