बहल। गुरुवार को देर शाम आई तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि ने बहल क्षेत्र में भारी तबाही मचा दी। मौसम के इस अचानक बदले मिजाज ने जहां लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत दिलाई, वहीं बिजली वितरण व्यवस्था को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। कई गांवों में घंटों तक बिजली आपूर्ति ठप रहने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया।
बिजली वितरण निगम की बहल सब डिवीजन के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों में तेज हवाओं के कारण बड़े पैमाने पर बिजली ढांचे को नुकसान पहुंचा है। विभागीय आंकड़ों के अनुसार अब तक 340 बिजली खंभे क्षतिग्रस्त पाए गए हैं, जबकि कृषि क्षेत्र में उपयोग होने वाले 50 से अधिक ट्रांसफार्मर भी आंधी की चपेट में आकर गिर गए।
बिजली संकट से ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ी परेशानी
बिजली आपूर्ति बाधित होने से ग्रामीण इलाकों में लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। घरेलू कार्यों के साथ-साथ कृषि गतिविधियां भी प्रभावित हुईं। किसानों की सिंचाई व्यवस्था पर विशेष असर पड़ा है, क्योंकि कई कृषि फीडरों की लाइनें और ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हो गए हैं।
विभाग को 22 लाख रुपये का नुकसान
बहल सब डिवीजन के सहायक महाप्रबंधक ऋषभ कुमार ने बताया कि प्रारंभिक आकलन के अनुसार बिजली विभाग को करीब 22 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। तेज आंधी के चलते कई स्थानों पर बिजली लाइनें टूट गईं और खंभे धराशायी हो गए।
युद्धस्तर पर चल रहा मरम्मत कार्य
बिजली निगम की टीमें लगातार प्रभावित क्षेत्रों में मरम्मत कार्य में जुटी हुई हैं। अधिकारियों के अनुसार अधिकांश गांवों में घरेलू बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है, जबकि कृषि और सिंचाई से जुड़ी बिजली व्यवस्था को जल्द से जल्द सामान्य करने के प्रयास जारी हैं।
विभाग का दावा है कि फील्ड कर्मचारी दिन-रात काम कर रहे हैं और जल्द ही सभी प्रभावित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति पूरी तरह सुचारू कर दी जाएगी।

