रेवाड़ी। छुट्टियां बिताने नाना के घर आए एक पांच वर्षीय मासूम पर आवारा कुत्तों का झुंड कहर बनकर टूट पड़ा। सेक्टर-3 में हुई इस घटना में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद लोगों में दहशत और प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ गई है।

जानकारी के अनुसार, बच्चा अपने नाना, रिटायर्ड ऑनरेरी कैप्टन मोहिंद्र के घर छुट्टियां बिताने आया था। इसी दौरान सेक्टर-3 में खेलते समय आवारा कुत्तों के झुंड ने उसे घेर लिया और हमला कर दिया। कुत्तों ने बच्चे को दो जगह काट लिया, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार किया गया।

घटना के बाद कॉलोनीवासियों ने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है और कई बार शिकायतों के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया।

बच्चों और बुजुर्गों का बाहर निकलना हुआ मुश्किल

स्थानीय निवासियों का आरोप है कि आवारा कुत्तों और बंदरों के कारण बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों का बाहर निकलना तक मुश्किल हो गया है। सेक्टर-3 आरडब्ल्यूए के पूर्व प्रधान ने भी नगर परिषद की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि लाखों रुपये के टेंडर जारी होने के बावजूद धरातल पर कोई प्रभावी कार्रवाई नजर नहीं आ रही है।

क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि आवारा कुत्तों और बंदरों की बढ़ती समस्या पर तत्काल ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।